रविवार को यातायात नियमों को तोड़ने वालों के पुलिस टीम ने चालान किए। पुलिस ने शहर के पांच प्रमुख चौक चौराहों पर जांच अभियान चलाते हुए 20 वाहन चालकों के चालान किए।
रविवार को दुपहिया वाहन चालक लापरवाही बरतते हैं। हेलमेट लगाने से परहेज करते हैं। शहर में तैनात की गई ट्रैफिक पुलिस की टीम ने रविवार को मसानी चौक, बालाजी चौक, विश्वकर्मा चौक, तुलाराम चौक, सतनाली चौक सहित अन्य स्थानों पर नाका लगाया। यहां नियमों का उल्लंघन करते मिले वाहन चालकों के चालान काटे गए। ट्रैफिक पुलिस ने 20 वाहनों के चालान किए। जिसमें नो पार्किंग जोन, बिना हेलमेट, दुपहिया वाहनों पर तीन सवारी मिलने पर चालान किए गए। चालान से बचने के लिए कुछ लोग बीमारी का बहाना बनाते नजर आए। किसी ने दूध लेने के लिए दुकान तक आने की बात कही। किसी ने कहा भाई को बस अड्डे तक छोड़कर आ रहा था। सबसे अधिक चालान बिना हेलमेट मिले वाहन चालकों के हुए। कुछ वाहन चालकों के पास लाइसेंस भी नहीं मिला। बता दें पिछले एक सप्ताह से ट्रैफिक पुलिस की एक टीम शहर के बाजारों में तैनात रहती है। जो सड़कों के बीच की जाने वाली अवैध पार्किंग को भी हटवाती है। यातायात को सुचारु करने में भी ट्रैफिक पुलिस टीम काफी सहयोग कर रही है।