प्रदेश अध्यक्ष का पद मेरे सामने बौना: भूपेंद्र सिंह हुड्डा
अमर उजाला ब्यूरो
मंडी अटेली। प्रदेश की भाजपा सरकार हर मोर्च पर विफल साबित हो रही है। सरकार की कारगुजारी से प्रत्येक वर्ग अत्यंत दुखी है। जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी तो 36 बिरादरी के हित में कार्य किया जा रहा था, लेकिन अब जनता भाजपा शासन से ऊब चुकी है। ये विचार पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने शुक्रवार को बाछौद हवाई पट्टी पर एक पत्रकारों से बातचीत में व्यक्त किए। वे गांव नांगल सिरोही में शुक्रवार को एक कार्यक्रम में भाग लेने आए थे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में वह किसी भी पद को अपने से बड़ा नहीं मानते। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर का पद भी उनके सामने छोटा है। कांग्रेस की किसान लाठी रैली के सवाल पर उन्होंने कहा कि ये कोई पार्टी की रैली नहीं है। उन्होंने पार्टी में कोई गुटबाजी न होने की बात बताते हुए कहा कि किसान लाठी रैली से उनका कोई वास्ता नहीं बेशक यह रैली कांग्रेस पार्टी की है लेकिन मैं इसे कांग्रेस की रैली नहीं मानता। पत्रकारों के अधिकांश प्रश्नों पर चुप्पी साधते हुए उन्होंने ये कहकर पल्ला झाड़ लिया कि आप लोगों को कांग्रेस पार्टी के बारे में जानकारी नहीं है। इस मौके पर पूर्व मंत्री राव नरेन्द्र सिंह, पूर्व सीपीएस अनीता यादव, पूर्व सरपंच सुमेर सिंह, पूर्व पार्षद जितेन्द्र, संजय गोयल, दयाराम नांगल, प्रकाशचंद मिर्जापुर बाछौद व सुमेर चेयरमैन आदि उपस्थित थे।