फोटो नंबर 12 व 13
अमर उजाला ब्यूरो
निजामपुर। कस्बे में सोमवार रात चोरों ने एक किराणा की दुकान का शटर तोड़कर हजारों रुपये की नगदी व सामान चुरा कर ले गए। सुबह दुकानदार ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज कर्ण सिंह ने मौका मुआयना कर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार निजामपुर में पिछले कई वर्षों से रमेश शर्मा किराणा की दुकान चला रहा है। सोमवार को सायं करीब आठ बजे प्रतिदिन की भांति अपनी दुकान बंद करके अपने घर नापला चला गया था। सुबह करीब तीन बजे उसके कस्बे में लगे एक पैट्रोल पंप से फोन आया कि उसकी दुकान के शटर टूटे हुए हैं। जिसके बाद वह अपने बेटे संजय के साथ दुकान पर पहुंचा तो देखा कि चोर दुकान का शटर तोड़कर दुकान में रखे 40 से 42 हजार रुपये नगद व कुछ सामान चुरा ले गए। इसके बाद उसने इसकी सूचना निजामपुर पुलिस चौकी में दी। सूचना मिलने पर चौकी इंचार्ज कर्ण सिंह व एएसआई सुरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना किया।
- दुकानदारों ने जताया विरोध
पिछले कई वर्षों से कस्बे में कई दुकानों में चोरी की वारदात हो चुकी है, लेकिन पुलिस द्वारा अभी तक एक भी चोरी को ट्रेस नहीं किया है। इससे गुस्साए दुकानदारों ने मंगलवार को सरकार व पुलिस के खिलाफ जमकर रोष प्रकट किया। दुकानदारों ने देवीलाल चौक पर एकत्रित होकर सरकार व पुलिस के खिलाफ नारे भी लगाए। इस पर चौकी इंचार्ज ने दुकानदारों को सांत्वना देते हुए मामले में जल्द से जल्द कार्रवाई करने का आश्वासन देकर दुकानदारों को शांत करवाया।
- चौकी इंचार्ज कर्ण सिंह ने बताया कि दुकान में चोरी होने की शिकायत मिली है। दुकानदार की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया है। जिनकी छानबीन जारी है। जल्दी ही चोर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।