अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। सुबह से शाम तक इंतजार के बाद सोमवार को कॉलेजों में दूसरी कट लिस्ट जारी शाम को जारी की गई। लिस्ट के लिए विद्यार्थियों ने सुबह से शाम तक का इंतजार किया। पहली कट लिस्ट में फीस जमा न होने के कारण अनेक बच्चों को दाखिले से वंचित रहना पड़ा। इससे भी बहुत से युवाओं को परेशानी हुई। कई छात्राओं के चालान जमा होने के बाद भी दाखिला नहीं हो पाया। विश्वविद्यालय की ओर से अब तीसरी कट ऑफ लिस्ट जारी करने की संभावना जताई जा रही है। जबकि, 15 जुलाई से कालेजों में विधिवत रूप से कक्षाएं भी शुरू हो जाएंगी।
उच्चतर शिक्षा विभाग ने इस बार कॉलेजों में कट ऑफ लिस्ट जारी की हैं। इस कारण लिस्ट जनरेट होने में परेशानी हो रही है। पहली कट लिस्ट भी एक दिन देरी से जारी की गई थी। इसका खामियाजा विद्यार्थी अभी तक भुगत रहे हैं। देरी से जारी हुई पहली लिस्ट के कारण अनेक बच्चे फीस जमा कराने से वंचित रह गए। बहुत से चालान जमा हो जाने और फीस के पैसे भी कट जाने के बावजूद दाखिला नहीं ले सके। सोमवार को भी दूसरी कट ऑफ सुबह जारी होनी थी, मगर वह शाम को जारी हुई। इससे सुबह से इंतजार में बैठे विद्यार्थियों को अब फीस जमा कराने में दिक्कत होगी। दूसरी कट लिस्ट के बच्चों को दो दिन ही फीस जमा कराने के लिए मिलेंगे।
इस तरह रही दूसरी कट ऑफ
राजकीय ब्वॉयज पीजी कॉलेज
विषय इंडिया हरि बीसीबी बीसीए एससी
नॉन मेडिकल 83.2 79.8 79.0 72.6 67.2
मेडिकल 78.8 74.2 72.6 58.6 67.6
कंप्यूटर साइंस 80.2 72.8 71.6 70.0 61.0
बीए 67.4 61.4 59.0 58.0 55.8
बीसीए 78.8 71.2 69.8 66.0 53.8
बीबीए 69.0 60.0 55.8 56.4
बीकाम 64.4 52.8 50.0
राजकीय महिला महाविद्यालय
विषय इंडिया हरि बीसीबी बीसीए एससी
नान मेडिकल 84.0 80.6 79.8 71.4 59.2
मेडिकल 83.2 81.2 80.0 65.0 75.4
बीए 72.4 66.0 64.4 44.0 55.4
बीकाम 76.8 73.8 71.6 52.2 56.4
तीन हजार का चालान, फिर भी नहीं मिला दाखिला
छात्रा काजल ने बताया कि उसने तीन हजार रुपये का चालान एसबीआई बैंक में जमा करा दिया था। बैंक से उसके पैसे भी कट गए, मगर उसका दाखिला नहीं हो पाया। उसने बताया कि अब उसे भविष्य की चिंता सताने लगी है। बैंक कर्मियों ने सोमवार का नाम लिया था, मगर सोमवार को भी कोई समाधान नहीं हुआ।
इतने हो चुके हैं दाखिले
महिला महाविद्यालय में आर्ट की 800 सीटों पर 375, कामर्स की 160 सीटों पर 87, बीएससी नॉन मेडिकल की 160 सीटों पर 67 और मेडिकल की 80 सीटों पर 20 बच्चों को ही दाखिला मिला है।