अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़/कनीना।
क्षेत्र में शनिवार को हुई हलकी बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। दोपहर तक उमस भरी गर्मी थी। दोपहर के बाद अचानक आंधी के साथ हल्की बारिश हुई। इससे लोगों को काफी राहत मिली। पिछले तीन चार दिनों से क्षेत्र में भारी गर्मी थी। दिन का तापमान 44 डिग्री तथा रात का तापमान 31 डिग्री तक पहुंच रहा था। साथ ही लू भी चल रही थीं। लगभग दो बजे आंधी आई। कुछ मिनटों बाद ही हल्की बारिश शुरू हो गई। बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया तथा तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। शनिवार को अधिकतम तापमान में पांच डिग्री गिरावट दर्ज की गई।
किसान दिनेश कुमार, सूबे सिंह, कृष्ण कुमार, लाल चंद, सुरेंद्र कुमार आदि ने कहा कि एक ओर जहां कपास में पानी देना पड़ रहा था। वहीं, बाजरे की बिजाई के लिए सिंचाई नहीं हो पा रही थी। अब बाजरे की बिजाई की जा सकेगी। ये बारिश सही मौके पर हुई है। जो कपास के लिए घी का कार्य करेगी। वहीं, गर्मी से राहत और खरीफ सीजन की फसल बिजाई के लिए उत्तम है। दूसरी और कनीना के निचले इलाकों अनाज मंडी टी प्वाइंट, रेवाड़ी मोड़ के पास, कनीना-महेंद्रगढ़ मुख्य मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास सड़क पर बरसात का पानी जमा हो गया।