अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। एसडीएम विक्रम सिंह लघु सचिवालय में लगे बिजली कट से नाराज हो गए। उन्होंने इसके लिए बिजली अधिकारियों की क्लास ले डाली। स्पष्ट कहा कि कोर्ट कंपलेक्स और लघु सचिवालय में बिजली की आपूर्ति निर्बाध होनी चाहिए, ताकि लोगों के कार्य निपटाने में परेशानी न हो। उन्होंने क्षेत्रवासियों को भी पर्याप्त मात्रा में बिजली उपलब्ध करवाने के भी निर्देश दिए। सख्त निर्देश दिए कि वे अपना मोबाइल कभी भी स्विच ऑफ न रखें।
सोमवार को सुबह नौ से लगभग 10.30 बजे तक लघु सचिवालय में बिजली गुल थी। इस कारण सरकारी कार्य मेें रुकावट पैदा हो गई। एसडीएम को इसका पता चला तो उन्होंने तुरंत बिजली निगम के अधिकारियों बैठक के लिए बुलवा लिया। इसमें निगम के कार्यकारी अभियंता जेपी दहिया, एसडीओ जगदीश शर्मा, एसडीओ विजयपाल, जेई अरुण कुमार, रमेश कुमार, हिम्मत सिंह, गजराज सिंह, वेदप्रकाश और अनिल कुमार उपस्थित रहे। बैठक में एसडीएम ने निर्देश दिए कि कोर्ट कॉम्पलेक्स और लघु सचिवालय में निर्बाध बिजली उपलब्ध होनी चाहिए। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विक्रम आईएएस ने दक्षिणी हरियाणा बिजली वितरण निगम महेंद्रगढ़ के कार्यकारी अभियंता से कहा कि वे अपनी टीम को मैनेज रखते हुए बिजली वितरण प्रणाली को सुचारु रखें। निर्देश दिए कि बिजली वितरण में लगने वाले कटों को रोका जाए। निर्देश दिए कि गांव में लोहे के खंभे के स्थान पर सीमेंट के खंभे लगाए जाएं।