नारनौल। अनाज मंडियों में अपनी फसल बेचने वाले 15 हजार किसानों के खाते में 180.24 करोड़ रुपये जमा किए गए हैं। रविवार को मंडियों में सरसों की आवक और खरीद बंद रही। सिर्फ फसल का उठान हुआ।
रविवार को सरसों का उठान जारी रहा ताकि सोमवार को सरसों बेचने आने वाले किसानों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। रविवार को नारनौल में 6800, अटेली में 7380 और नांगल चौधरी में 4700 क्विंटल सरसों का उठान किया गया। संभावना है कि सोमवार को सरसों की आवक में बढोतरी देखने को मिलेगी। बीते कुछ दिनों से सरसों की आवक में भी तेजी देखने को मिल रही है। रविवार को नारनौल, अटेली और नांगल चौधरी में सरसों का उठान किया गया। सरसों की खरीद शुरू हुए 36 दिन बीत चुके हैं और अब तक जिले में करीब 716353.3 क्विंटल सरसों की आवक हुई है और 688019.8 क्विंटल सरसों की खरीद हुई है। वहीं 581789.2 क्विंटल सरसों का उठान हुआ है।
जिले में अब तक करीब 15 हजार किसानों के खाते में करीब 180.24 करोड़ रुपये जमा किए जा चुके हैं। वहीं सरसों बेचने वाले करीब 10 हजार किसानों के खाते में करीब 141 करोड रुपये जमा किए जाने अभी बाकी है। जानकारी के अनुसार सरसों बेचने के करीब 7 से 10 दिन के अंतराल पर रुपये किसानों के खाते में डाले जा रहे हैं।