अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। क्षेत्र में वीरवार की शाम और शुक्रवार की सुबह मूसलाधार बारिश हुई। इस दौरान बारिश का पानी नगरपालिका कार्यालय एवं मोहल्ला महायचान के घरों में घुस गया। पालिका में निकासी नहीं होने के कारण शाम तक पानी भरा रहा। पानी अधिक आ जाने के कारण कार्यालय में पूरे दिन कार्य प्रभावित रहा। वहीं कनीना सिविल अस्पताल में भी जलभराव हो गया। जिससे अस्पताल में कोई ओपीडी नहीं हो सकी। साथ ही रिकॉर्ड रूम में पानी भरने से रिकॉर्ड भी खराब होने की संभावना जताई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि दो दिन के अंदर क्षेत्र में 62 एमएम बारिश दर्ज की गई है। बारिश का पानी नगरपालिका चेयरपर्सन रीना गर्ग के कक्ष, बिल्डिंग इंसपेक्टर, आधार कार्ड बनाने के कक्ष में भी घुस गया। पानी घुसने से कर्मचारियों ने नीचे रखा सामान उठाकर टेबल पर रखा गया। पालिका प्रशासन द्वारा पानी निकालने का प्रयास नहीं किया गया जिससे पूरे दिन कर्मचारी खाली बैठे रहे।
शिकायत के बाद भी नहीं हुआ समाधान
सुबह हुई बारिश से मोहल्ला महायचान की गली में पानी भर गया। पानी घुटनों से ऊपर होने के कारण लगभग दस घरों के अंदर भी पानी घुस गया। मोहल्ला निवासी बाला देवी ने बताया कि पानी निकासी के लिए इंजन लगाया हुआ है। परंतु कई दिनों से इंजन नहीं चलाया जा रहा। उसने बताया कि पिछले कई वर्षों से मोहल्ले में पानी निकासी की परेशानी चल रही है। शिक्षामंत्री को भी इस बारे में अवगत करवाया जा चुका है। परंतु अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ। दो दिनों तक हुई बारिश ने प्रशासन के विकास कार्यों के दावों की पोल खोल दी। कनीना कस्बे में हर रास्ते पर सिर्फ पानी ही पानी दिखाई दे रहा है। हर मुख्य गली चौराहे पर पानी भरा हुआ है। जल भराव से बीमारियां फैलने का भी डर है।
रिकार्ड खराब होने की संभावना
कनीना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी हर कोना जलमग्न है। डॉ. दिनेश ने बताया कि सभी कमरों के अंदर और बाहर पानी भर गया है। हमने इस बारे में अपने उच्च अधिकारियों और नगरपालिका को भी अवगत करा दिया है। नगरपालिका के कर्मचारियों ने त्वरित कार्यवाही करते हुए पंपसेट लगाकर पानी को मुख्य भवन से बाहर निकाला जा रहा है। जलभराव के कारण कोई भी ओपीडी नहीं हो सकी है और न ही कोई डिलवरी करवाई जा सकती है। रिकॉर्ड रूम में पानी भर गया है, अब पानी निकलने के बाद ही पता चलेगा कि कौन सा रिकार्ड खराब हुआ है।