अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। मुख्यमंत्री मनोहरलाल का 21 जुलाई को महेंद्रगढ़ आगमन क्षेत्र वासियों के लिए भले ही कोई बड़ी घोषणा लाए या न लाए। लेकिन शहर की खस्ता सड़कें चकाचक हो गई हैं। कई वर्षों से टूटी पड़ी सड़कों की दशा को सुधारने में प्रशासन दिन रात एक कर रहा है। प्रशासन की गति देख लोग कहने लगे हैं कि क्या मुख्यमंत्री के आगमन पर ही यहां की सड़कें सफाई व्यवस्था सुधरेगी। जिस लोक निर्माण विभाग एवं नगरपालिका के अधिकारी कुछ दिनों पहले पैसे होने ने दुहाई दे रहे थे, अब मुख्यमंत्री के गुजरने वाले रास्तों को ठीक करवाया जा रहा है। मुख्यमंत्री के रेस्ट हाउस में आने के प्रोग्राम के मद्देनजर सड़क विभाग ने ब्रह्मचारी रोड, गांधी मार्केट, ब्रह्मदेव चौक आदि स्थानों पर सड़क में पड़े गड्ढों को पैच लगाकर दुरुस्त कर दिया है।
बाजारों में नहीं लगाए पैच
मुख्यमंत्री के सामने अधिकारी सबकुछ सुव्यवस्थित होने का दावा करने के लिए सतनाली चौक से लेकर ब्रह्मचारी तक सभी सड़कों पर पैच लगवा दिए हैं। लेकिन शहर के बाजारों में सड़क पर गड्ढे अधिकारियों को दिखाई नहीं दे रहे। इसके अलावा सतनाली चौक से दस मीटर की दूरी पर ही नेशनल हाईवे पर काफी गड्ढे हैं। इन गड्ढों को भी लोक निर्माण विभाग ने ठीक नहीं करवाए, क्योंकि मुख्यमंत्री का काफिला सतनाली चौक से ब्रह्मचारी रोड को टर्न कर जाएगा।