खेत से लौट रहे किसान के बाइक को पिकअप ने मारी टक्कर, मौत
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। नांगल चौधरी रोड पर एक पिकअप चालक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार ढाणी बठोठा के युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
गांव ढाणी बाठोठा का 25 वर्षीय महेंद्र पुत्र ओमप्रकाश अपने खेत में पानी देकर रविवार रात करीब सवा दस बजे वापस घर आ रहा था। अभी वह बस स्टाप के पास ही पहुंचा था कि नांगल चौधरी की ओर से तेज रफ्तार पिकअप चालक ने उसकी बाइक की टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद पिकअप में बाइक फंस गई थी। पिकअप चालक बाइक समेत वाहन को भगा ले गया। गांव मांदी के कच्चे रास्ते में पिकअप से उछल कर बाइक गिर गई। ग्रामीणों ने यह देखकर पुलिस को सूचना देनी चाही लेकिन 100 नंबर काफी देर तक व्यस्त रहा। करीब आधा घंटे बाद गांव ढाणी बाठोठा के लोग बाइक की तलाश करते हुए मांदी पहुंचे। वहीं इस बारे में जांच अधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि मृतक का सोमवार सुबह पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया। ग्रामीणों लोगों द्वारा नोट किए गए नंबरों के आधार पर पिकअप की भी पहचान हो गई। जिसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।