अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। बिजली बिल सेटलमेंट योजना खत्म होने के बाद दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम का डिफाल्टरों पर शिकंजा कसने लगा है। बकायेदारों के कनेक्शन काटने के अलावा फरार डिफाल्टरों की पहचान की जा रही हैं। इसके लिए ऐसे उपभोक्ताओं के कनेक्शन की गारंटी देने वालों की जानकारी ली जा रही है। इसके बाद गारंटरों को निगम नोटिस देगा। इस कार्य को 28 फरवरी तक पूरा करने का लक्ष्य है।
डीएचबीवीएन के एसडीओ कुलदीप सहारण ने बताया कि 15836 डिफाल्टरों पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि गांव में जेई, लाइनमैन और सरपंच के लिए ऐसे उपभोक्ताओं की जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने बताया कि दूसरी ओर कनेक्शन लेते वक्त उपभोक्ता के कागजातों की जांच की जा रही है। जिससे यह पता चल सके कि कनेक्शन लेने के वक्त गांव के दो कौन से गारंटर थे। उन्होंने कहा कि गारंटरों से ऐसे उपभोक्ताओं की जानकारी ली जाएगी। एसडीओ ने कहा कि काफी उपभोक्ताओं के हजारों रुपये का बिल बकाया है। ये लोग दूसरे के नाम पर अन्य जगहों पर कनेक्शन लेे रखा है। ऐसे लोगों तक पहुंचने में गारंटर प्रमुख भूमिका अदा कर सकते हैं। गारंटरों को अपना पक्ष रखने के लिए नोटिस जारी किया जाएगा। इस कार्य को 28 फरवरी तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
बता दें कि डीएचबीवीएन ने दो बार डिफाल्टर बिजली उपभोक्ताओं को छूट के साथ बिजली भरने का मौका दिया था। इसके बाद भी अभी कुल 15836 लोगों ने बिल जमा नहीं कराया। ऐसे में अभी भी निगम के 41.48 करोड़ रुपये अटके हुए हैं। ऐसे में बकाया पैसे की वसूलने पर निगम जुट गया है। जिले में कुल 53289 डिफाल्टर बिजली उपभोक्ताओं पर 113 करोड़ रुपये बकाया था। इनमें से 31 जनवरी तक 37455 उपभोक्ताओं ने योजना का लाभ उठाते हुए दस करोड़ रुपये जमा कराए थे। अब बकायेदारों के कनेक्शन काटने के साथ अन्य ग्राहकों की तलाश में निगम लगा हुआ है। ऐसे ग्राहकों की पहचान के लिए एसडीओ तक लगे हुए हैं।
2561 कनेक्शन के साथ बिल बकाया-
बिजली निगम के अनुसार जिले में 2561 ऐसे उपभोक्ता है,जिनका कनेक्शन चल रहा है और बिल जमा नहीं कराया है। इसके 3.7 करोड़ रुपये बकाया है। इसमें महेंद्रगढ़ डिविजन में 1920 और नारनौल डिविजन में 641 बकायेदार हैं। कनेक्शन कटे हुए में महेंद्रगढ़ में 5559 जबकि नारनौल में 7716 उपभोक्ता है।
डिवीजन- डिफाल्टर- रुपये लाख में
सिटी नारनौल- 2436-733.92
सब अर्बन नारनौल-3190-938.75
अटेली- 68-41.81
नांगल चौधरी-2799-578.07
सिटी महेंद्रगढ़- 2830-396.45
सब अर्बन महेंद्रगढ़-2804-946.25
कनीना-1845-511.28
कुल-15836-4148.53