अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। तबीयत सुधरने के बाद महेंद्रगढ़ सम्मान संघर्ष समिति के प्रधान राजबीर सिंह शुक्रवार दोपहर बाद फिर से धरना स्थल पर पहुंचे। समिति सदस्यों ने उनका धरना स्वागत करते हुए उनका अभिनंदन किया। समिति सदस्यों ने कहा कि जिला मुख्यालय की मांग पूरी होने तक धरने को जारी रखेंगे।
महेंद्रगढ़ सम्मान संघर्ष समिति का कोर्ट परिसर के सामने 29वें दिन अनिश्चितकालीन धरना जारी रहा। समिति के प्रधान राजबीर सिंह को अनशन खत्म कराने के बाद उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों ने दोपहर तक अस्पताल में रखा। करीब दो बजे बाद अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद समिति प्रधान दोबारा से धरना स्थल पहुंच गए। समिति सदस्यों ने उनको देखकर जिंदाबाद के नारे लगाए।
समिति सदस्य और सरताज जनसेवा ग्रुप के पीआरओ कुलदीप यादव ने बताया कि महेंद्रगढ़ जिला मुख्यालय कि मांग को लेकर 29 दिन से धरना चल रहा है। शुक्रवार को धरने का सुमेर सिंह के नेतृत्व में दिया गया। कुलदीप यादव ने कहा कि जिला मुख्यालय नारनौल में होने के कारण महेंद्रगढ़ कि जनता परेशान है। इस मांग पर सरकार और प्रशासन दोनों मौन हैं। क्षेत्र के विधायक और मंत्री रामबिलास शर्मा भी खामोशी धारण किए हुए हैं। विपक्ष के नेता भी कुछ नहीं बोल पा रहे हैं। धरने को तब तक जारी रखेंगे। जब तक सरकार लिखित में कोई नोटिफिकेशन जारी नहीं करती। इस मौके पर मनीष राजपूत, दिनेश सोनी, नरेश खातोद, बाबूलाल महायच, नवीन जाटवास, पवन देव दूलोठ, सुमेर सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे।