अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली। रोडवेज विभाग की ओर सभी कर्मचारियों को हड़ताल में शामिल नहीं होने निर्देश जारी किए है। वहीं, उपायुक्त की ओर से ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए हैं। जोकि हड़ताल के दौरान होने वाली सभी गतिविधियों में नजर रखेंगे। साथ ही पुलिस विभाग की ओर से भी पुलिस बल की तैनात किया गया है। ताकि किसी प्रकार अप्रिय घटना से निपटा जा सके।
रोडवेज जीएम बलवंत सिंह ने बताया कि सभी कर्मचारियों को हड़ताल शामिल नहीं होने के निर्देश जारी किए है। अगर फिर भी कोई कर्मचारी हड़ताल में शामिल होता है तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं, जो कर्मचारी अपनी मर्जी से बस चलाना चाहेगा उसे सुरक्षा मुहैया करवाई जाएगी। हालांकि प्रशासन और रोडवेज विभाग आमजन के लिए हड़ताल के चलते कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं कर पाया है। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। रोडवेज विभाग में कुल 596 के करीब कर्मचारी है। इनमें चालक, परिचालक, कार्यालय सहित अन्य कर्मचारी शामिल है।
अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश
उपायुक्त डा. गरिमा मित्तल ने बताया कि कर्मियों की हड़ताल के चलते रोडवेज विभाग के अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए गए है। वहीं, पुलिस प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के आदेश दिए गए हैं। प्रशासन का प्रयास रहेगा कि आमजन को परेशानी न हो।
यात्रियों को होगी परेशानी
हड़ताल के चलते यात्रियों को परेशानी होना स्वाभाविक है, क्योंकि विभाग द्वारा यात्रियों को परेशानी से बचाने के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है। हालांकि विभाग ने ऐसे कर्मचारियों को सुरक्षा व्यवस्था की बात कही है जोकि हड़ताल में शामिल न होकर मर्जी से बस चलाना चाहता हो। रात में रोडवेज ने आधी बसों को लंबी रूट पर भेज दिया है। जिससे मंगलवार को लोगों को बसें मिल सके।