साहसी महिलाओं सहित प्रतिभावान लोग सम्मानित
मंडी अटेली। राजकीय प्राथमिक विद्यालय चंदपुरा में रविवार को स्व. पार्वती देवी की 7वीं पुण्यतिथि धूमधाम से मनाई गई। इस मौके पर आयोजित मातृशक्ति सम्मान समारोह में मेधावी विद्यार्थियों के अलावा समाज सेवा, खेल, सांस्कृतिक कार्यक्रमों आदि में अव्वल रहने वाले प्रतिभाओं व साहसी महिलाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में महामंडलेश्वर कौशल किशोर मुख्य अतिथि थे। उन्होंने कहा कि जीवन में संस्कारों का होना बहुत जरूरी है। आज के युवा सिनेमा व टीवी को देखकर पाश्चात्य संस्कृति की ओर खींचे जा रहे हैं, जो भारतीय संस्कृति के लिए किसी भी तरह हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी को संस्कार युक्त शिक्षा देना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि अगर शिक्षा में से संस्कार निकाल दिए जाये तो शिक्षा शून्य रह जाती है। इस मौके पर पंचायत समिति चेयरमैन राजेंद्र यादव, भवानी शंकर, महात्मा विश्वमुनी, समाज सेवी नरपत सिंह चौहान, कृष्ण यादव आदि रहे।