महेंद्रगढ़/सतनाली मंडी। दैनिक रेल यात्री महासंघ महेंद्रगढ़ ने रेल राज्य मंत्री राजेन गोहेन को शनिवार को मांगों का ज्ञापन सौंपा। गोहेन शनिवार को चुरू-सीकर ब्रॉडगेज रेल लाइन की शुरुआत करने के लिए दिल्ली-भगत की कोठी सुपरफास्ट से चुरू जा रहे थे। इनका महेंद्रगढ़ और सतनाली स्टेशन पर लोगों ने फूलमालाओं से स्वागत किया और ज्ञापन सौंपा। इस दौरान महेंद्रगढ़ दैनिक रेलयात्री संघ ने रेवाड़ी महेंद्रगढ़ लोहारू पर नई ट्रेन चलाने और विस्तार करने की मांग की। सतनाली स्टेशन पर गिट्टी (स्टोन चिप्स) लोडिंग/अनलोडिंग योजना पर रोक लगाने, स्टेशन पर 22471/72 बीकानेर-दिल्ली इंटरसिटी का ठहराव करवाने और स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग की। इस मौके पर नगरपालिका चेयरपर्सन रीना बंटी, पार्षद सुरेंद्र बंटी, इस मौके पर सरपंच प्रतिनिधि उदय सिंह शेखावत, रेल संघर्ष समिति प्रधान दिवान सिंह, चंद्रभान सोनी, संजय जांगड़ा, टोनी सोनी, निरंजन वालिया, रवि वालिया, यादवेंद्र सिंह, अनिल मिश्रा, पूर्व पंच जयप्रकाश, राजू गुप्ता, गौतम सोहांसरिया, अनिल डिगरोता, संदीप, पुरुषोत्तम पारीक, मदनलाल आदि मौजूद रहे।
दैनिक रेलयात्री महासंघ के प्रधान रामनिवास पाटोदा ने बताया कि महेंद्रगढ़ रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ चौकी खोलने की मांग काफी लंबे समय से लंबित है। स्टेशन पर लूट, चोरी आदि की घटनाएं बढ़ रही हैं। यात्रियों को मामला दर्ज करवाने के लिए लोहारु जाना पड़ता है जो महेंद्रगढ़ से लगभग 40 किलोमीटर दूर पड़ता है। उन्होंने बताया कि एडीएससी अलका शर्मा विगत माह में स्टेशन का दौरा कर चुकी हैं, किंतु अभी तक चौकी खुल नहीं पाई।
पांच वर्ष से हरिद्वार एक्सप्रेस को नहीं किया स्थायी
रामनिवास पाटोदा ने बताया कि पांच वर्षों से बीकानेर से हरिद्वार गाड़ी रेलवे प्रशासन चला रहा है। इस गाड़ी को वर्ष में कभी तीन महीने तो कभी पांच महीने चलाकर बंद कर दी जाती है। अभी यह गाड़ी 30 दिसंबर तक चलेगी और उसके बाद बंद हो जाएगी। इस गाड़ी को यात्रियों तथा रेलवे दोनों को फायदा हो रहा है। इसलिए इस गाड़ी का नियमित की जानी चाहिए।