हाई वोल्टेज लाइन की चपेट में आने से लाइनमैन झुलसा
फोटो नंबर दस
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। गांव गावड़ी जाट में वीरवार सुबह लगभग साढ़े दस बजे 11 हजार वोल्टेज की लाइन में अचानक करंट आने से मरम्मत कार्य कर रहा लाइनमैन झुलस गया। नागरिक अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। वहीं घायल लाइनमैन के परिजनों ने निजामपुर पावर हाउस पर ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए निगम के उच्चाधिकारियों से इसकी निष्पक्ष जांच करवा उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराने की मांग की है।
वीरवार को गांव गावड़ी जाट निवासी राजेंद्र (26) पुत्र रामस्वरूप गांव की सीमा में पैराफीडर का परमिट लेकर हाई वोल्टेज लाइन पर काम करने के लिए सीढ़ी लगा कर पोल पर चढ़ा था। परंतु लाइनमैन ने जैसे हाई वोल्टेज लाइन को छुआ तो उसे करंट का झटका लगा और वह झुलसकर नीचे आ गिरा। इस पर आसपास के लोगों ने उसे तुरंत नारनौल के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। राजेंद्र निजामपुर पावर हाउस में लाइनमैन के पद पर कार्य कार्यरत हैं।
सरपंच राजेश कुमार के भाई ने बताया कि काम का परमिट लेते हुए पहले फोन कर लाइन को बंद करवा दिया था। परंतु लाइन को ठीक करने के लिए जैसे ही पोल पर चढ़कर हाई वोल्टेज तार को छुआ तो वह करंट की चपेट में आ गया। इसके लिए कहीं न कही ड्यूटी पर कार्यरत कर्मचारी जिम्मेवार है। उल्लेखनीय है कि कुछ वर्ष पूर्व भी इसी क्षेत्र में इस प्रकार की घटना नांगल चौधरी में घटित चुकी है। इसमें लाइन पर कार्य कर रहे कर्मचारी मौत हो गई थी।