अटेली। शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा ने शुक्रवार को गांव खेड़ी-कांटी के शहीद मानसिंह राजकीय उच्च विद्यालय को अपग्रेड कर सीनियर सेकेंडरी स्कूल का उद्घाटन किया। इस मौके पर डिप्टी स्पीकर संतोष यादव भी मौजूद थीं। ग्रामीणों की मांग पर स्टेडियम बनाने के लिए शिक्षा मंत्री ने 25 लाख रुपये देने की घोषणा की। वहीं, डिप्टी स्पीकर ने भी स्टेडियम के लिए चार लाख रुपये का चेक ग्राम पंचायत को सौंपा। उन्होंने गांव के सरपंच को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत के खाते से आठ लाख रुपये और मिलाकर इस काम को जल्द शुरू करवाएं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि गांव में प्रदेश स्तरीय स्टेडियम बनाया जाएगा। शर्मा ने ग्रामीणों को स्कूल अपग्रेड होने पर बधाई देते हुए कहा कि यह हमने गांव पर कोई अहसान नहीं किया है बल्कि यह हमारा फर्ज था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदर्शों पर चलने वाले हैं। हमारा स्वभाव ही लगातार काम करने का है। अब राजनीतिक गरीब लोगों के हाथ में आई है। भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा आदर्शों की राजनीति की है।
डिप्टी स्पीकर संतोष यादव ने कहा कि स्कूल को अपग्रेड करने की बहुत पुरानी मांग थी। राजस्थान के साथ सटे इस गांव में सीनियर सेकेंडरी स्कूल की बहुत जरूरत थी। शिक्षा से कोई भी बेटी वंचित न रहे इसी कड़ी में सरकार ने अटेली में भी अलग से कॉलेज खोला है। यहां से दस जमा दो करके बेटियां अटेली कॉलेज में पढ़ेंगी और देश के विकास में अपना योगदान देंगी। डिप्टी स्पीकर ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में बीजेपी की सरकार ने दक्षिणी हरियाणा के लिए अनेक सौगात दी हैं। पहली बार इस जिले में अंतिम टेल तक पानी पहुंचा है। दोनों ने गांव में 1.47 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भी उद्घाटन व शिलान्यास किया। इन कार्यों में गांव के रास्ते, नाला, पानी की पाइप लाइन व धर्मशाला आदि शामिल हैं। इस मौके पर शिक्षा मंत्री ने पहाड़ी नाथ गोशाला को भी पांच लाख रुपये व डिप्टी स्पीकर ने ढाई लाख रुपये देने की घोषणा की। शिक्षा मंत्री ने कारगिल शहीद की मूर्ति का अनावरण भी किया।
इस मौके पर अटेली मार्केट कमेटी चेयरमैन कर्मवीर बिहाली, कनीना मार्केट कमेटी चेयरमैन राजकुमार, अटेली पंचायत समिति चेयरमैन राजेंद्र प्रसाद यादव, सीताराम यादव, कमलेश सैनी, मुनीलाल शर्मा, लख्मीचंद चौहान, पूर्व उड़ीसा डीजीपी दृगपाल सिंह चौहान, सत्यवान, संजय गोयल, खेड़ी सरपंच नरेंद्र चौहान, हेमराज, कंवर सिंह पीटीआई, सुरेंद्र शर्मा, एक्स सरपंच सीताराम बिहाली समेत अन्य लोग मौजूद थे।