महेंद्रगढ़। क्षेत्र में इन दिनों भारी गर्मी पढ़ रही है। प्रतिदिन तापमान 45 डिग्री से 46 डिग्री रहता है परंतु बिजली के लगने वाले कटों और फाल्टों ने लोगों को जीना दुभर कर दिया है। एक-एक फाल्ट में घंटों लग रहे हैं। बुधवार को मोहल्ला शेरगुवाड़ी में फाल्ट होने की वजह से 24 घंटे लाइटें बाधित रही। इस वजह से मोहल्ला करेलिया बाजार, पड़ाव, नीमड़ी नीचे तथा शेरागुवाड़ी निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान लोगों के इनवर्टर और मोबाइल ठप हो गए। बिजली निगम के कर्मचारियों ने वीरवार को नई केबल लगाकर फाल्ट को ठीक किया। उसके बाद लाइट सुचारु रूप से शुरू हो पाई।
मोहल्लावासियों ने बताया कि बुधवार को सुबह दस बजे लाइट गुल हुई थी। शाम के समय बिजली कर्मचारी आकर जुगाड़ कर चले गए थे। इसके बाद रात दस बजे मोहल्ला शेरागुवाड़ी के बाद जबरदस्त स्पार्किंग हुई। स्पार्किंग के साथ ही वायर जल गई। इसके बाद उक्त मोहल्लों के लगभग पांच सौ घरों की लाइट गुल हो गई। पूरी रात लाइट बंद रही। पूरी रात लोग सो नहीं पाए और उसम भरी गर्मी में रात बितानी पड़ी। उन्होंने बताया कि बिजली के कारण पानी की किल्लत भी हो गई। दो दिन से घर में पानी नहीं भरा जा रहा। बिजली के अभाव में इनवर्टर और मोबाइल भी ठप हो गए। उन्होंने बताया कि वीरवार को कर्मचारियों ने लगभग 12.30 बजे जली हुई वायर बदली है उसके बाद लाइट सुचारु रूप से चालू हो पाई है।
शहर में लग रहे कटों से जनता परेशान:
बता दें कि शहर में प्रतिदिन बिजली के कट और फाल्ट हो रहे हैं। कट के कारण लोगों का गर्मी में जीना दुभर हो रहा है। इसके अलावा लाइनें भी फाल्ट हो रही हैं। फाल्ट होने पर लाइन मैन को दो से चार घंटे तक फाल्ट नहीं मिल पाता। इस कारण लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ता है। शहर को तीनों भागों में बांटा गया है। तीन सिफ्टों में लगभग चार 14 लाइनमैन काम कर रह हैं। प्रत्येक सिफ्ट में चार-चार लाइनमैन हैं। दो अतिरिक्त लगाए गए हैं।
वर्जन:
बिजली बुधवार को सुबह के समय गई थी जिस कारण काफी परेशानी हो रही है। एक बार लाइनमैन शाम के समय आकर लीपापोती कर गए थे। उसके बाद वायर जल गई। रात छत पर बितानी पड़ी। बुधवार को पानी की किल्लत रही।
उमेश।
24 घंटे से अधिक का समय हो गया अभी लाइट नहीं आई है। लाइट के अभाव में काफी परेशानी उठानी पड़ी। इनवर्टर भी ठप हो गए। अभी साढ़े 11.30 बज चुके हैं लाइट नहीं आई है।
कुलदीप।
शाम के समय कर्मचारियों ने लाइन को जोड़ दिया था। केबल खराब होने पर उसको अगले दिन बदल दी गई थी। लाइन ओवर लोड होने की वजह से फाल्ट हो जाते हैं। इसके अलावा लोग बिजली चोरी भी कर रहे हैं। बिजली निगम हर संभव में जनता को 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहा है।
बुधराम पंवार, एक्सईएन, बिजली निगम महेंद्रगढ़।