नारनौल। मुख्यमंत्री की घोषणा में शामिल विभिन्न प्रोजेक्ट को अधिकारी तय समय में पूरा करें ताकि आमजन को जल्द लाभ मिले। उक्त निर्देश डिप्टी स्पीकर संतोष यादव ने वीरवार को स्थानीय बीएंडआर रेस्ट हाउस में सीएम घोषणाओं को लेकर बुलाई अधिकारियों की बैठक में दिए।
डिप्टी स्पीकर ने अटेली हलके में बनने वाले व्यायामशालाओं के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली। इस पर पंचायत विभाग के कार्यकारी अभियंता ने बताया कि इसके लिए बजट के लिए रिमाइंडर पत्र भेजा हुआ है। बजट उपलब्ध होते ही काम शुरू करवा दिया जाएगा। डिप्टी स्पीकर ने विभिन्न गांवों में ट्यूबवेल जल्द लगाने का निर्देश दिए। उन्होंने कनीना खंड के गांवों में नहर आधारित पेयजल योजना के संबंध में अधिकारियों से अब तक हुई प्रगति के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रोजेक्ट की जमीन जैसे ही ट्रांसफर हो जाएगी तो आगे की कार्रवाई शुरू कर देंगे। डिप्टी स्पीकर ने कहा कि विकास कार्यों से संबंधित मुख्यमंत्री की घोषणाओं को मिशन मोड में लेकर प्राथमिकता आधार पर पूरा करें। उन्होंने कहा कि अधिकारी इन सभी विकास कार्यों को 100 दिन में पूरा करवाने के लक्ष्य के साथ कार्य करें। गर्मी को देखते हुए लोगों को बिजली व पानी समुचित मात्रा में उपलब्ध रहनी चाहिए। उन्होंने जोहड़ों को भी जल्द भरने के निर्देश दिए। इस मौके पर विधायक ओम प्रकाश यादव, डीसी डॉ. गरिमा मित्तल, एसपी चंद्रमोहन, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी महावीर प्रसाद के अलावा अन्य अधिकारी मौजूद थे।