नारनौल। नई सरकार चुनने के लिए सुबह सात बजे से ही अपने बूथों पर पहुंचना शुरु हो गए थे। कई लोग अपने परिवार के साथ बूथों पर पहुंचे और मतदान किया। रविवार दोपहर तक करीब 40 फीसदी मतदान हो चुका था। इस दौरान अमर उजाला की टीम ने शहर के बूथों पर दौरा कर मतदान केंद्रों का जायजा लिया।
धर्मशाला सैनियान के तीनों बूथों पर सुबह सात बजे से लोगों की लाइन लग गई थी। मॉक पोल के बाद बूथों पर मतदान शुरू हुआ। बूथ नंबर 75 पर वीवी पैड में खराबी के कारण मतदान पौने नौ बजे शुरू हुआ। बूथ पर डिप्टी स्पीकर संतोष यादव ने मतदान किया। बूथ नंबर 73 पर 1312 मतदाताओं में से 140 व बूथ 74 में 1237 मतदाताओं में से 166 ने मतदान किया। एक बूथ पर मशीन खराब होने से काफी लोग वापस भी लौट गए।
सिलाई सेंटर पर मतदान शांतिपूर्वक हो रहा था। यहां पर भी लोगों की कम भीड़ दिखाई दी। बूथ 79 पर 874 मतदाताओं में से 154 व बूथ नंबर 78 पर 1082 मतदाताओं में से 143 मतदान कर चुके थे।
राजकीय कन्या स्कूल शिवाजी नगर के दोनों बूथों पर लोगों की लाइन लगी हुई थी। यातायात प्रभारी वीना राणा स्कूल पर पहुंची और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। बूथ नंबर 115 में 753 वोटरों में से 143 व बूथ नंबर 116 पर 952 वोटरों में से 228 मतदान कर चुके थे।
सीनियर सेकेंडरी स्कलू बाल के सभी बूथों पर लोगों की लंबी लाइनें लगी हुई थी। स्कूल के बाहर सभी दलों के प्रतिनिधी लोगों को पर्ची देने में लगे हुए थे। यहां पर बूथ नंबर 98 पर 1037 मतदाताओं में से 152, बूथ 99 पर 648 मतदाताओं में से 122, बूथ नंबर 100 पर 1126 मतदाताओं में से 167 मतदान कर चुके थे। सुबह सेंटर पर एक युवक बिना पहचान पत्र के अंगुली पर स्याही लगवा लिया। जब वोट डालने गया तो अधिकारी ने उससे वोटर कार्ड मांगा। ऐसे में अजीब स्थिति पैदा हो गई। मतदान अधिकारी ने युवक से वोटर कार्ड मंगवाया। इसके बाद युवक मतदान कर पाया।
सैनी स्कूल में मतदान शांति पूर्वक हो रहा था। यहां के तीनों बूथों पर लोगों की भीड़ लगी हुई थी। बूथ नंबर 88 पर 1059 मतदाताओं में से 248, बूथ नंबर 90 में 1126 मतदाताओं में से 253 व बूथ नंबर 89 पर 1101 मतदाताओं में से 262 मतदान कर चुके थे। यहां पर काफी संख्या में महिलाएं मतदान करने के लिए सुबह से लाइन में लगी हुई थी।
सीनियर सेकेंडरी स्कूल गर्ल्स में लोग परिवार के साथ मतदान करने पहुंचे। कुछेक लोग बुजुर्गों को मतदान लेकर आए। सेंटर पर व्हील चेयर न होने से लोगों को परेशानी हुई। बूथ 93 पर 1006 मतदाताओं में से 115, बूथ 92 पर 805मतदाताओं में से 52 लोग मतदान कर चुके थे।
पीजी गर्ल्स कॉलेज में भी लोग बच्चों के साथ मतदान करने पहुंचे। बूथ नंबर 88 पर 1102 मतदाताओं में से 215 व बूथ नंबर 87 पर 1150 मतदाताओं में से 275 लोग मतदान कर चुके थे। यहां पर भी पुलिस के कड़े सुरक्षा इंतजाम थे। हालांकि यहां भी भीड़ कम भी।
वाल्मिकी धर्मशाला में बूथ नंबर 80 में महिलाओं की लंबी लाइन लगी हुई थी। नप की चेयरपर्सन भारती सैनी समेत अन्य सेंटर पर मौजूद थे। यहां पर बूथ के अंदर और बाहर लोगों की काफी भीड़ थी। बूूथ नंबर 80 पर 1219 मतदाताओं में 256 व बूथ 81 पर 985 मतदाताओं में 261 लोगों ने मतदान किया।
सुनारों धर्मशाला भी शांतिपूर्वक मतदान हुआ। यहां पर अन्य बूथों की अपेक्षा लोगों की भीड़ कम थी। बूथ नंबर 114 पर 558 मतदाताओं में से 250 व बूथ नंबर 113 में 1114 मतदाताओं में से 320 लोगों ने मतदान किया। इसके अलावा पटीकरा सीनियर सेकेंडरी स्कूल पर भी कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच मतदान चल रहा था।