अतिथि अध्यापकों ने काली पट्टी बांधकर किया प्रदर्शन
फोटो संख्या: 35-36
अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। हरियाणा अतिथि अध्यापक संघ ने रविवार को शहर में मुंह पर काली पट्टी बांधकर मौन प्रदर्शन किया। इस दौरान अतिथि अध्यापकों ने शिक्षामंत्री के नाम नायब तहसीलदार रमेश कुमार को ज्ञापन सौंपा। अतिथि अध्यापकों ने इस दौरान 9 दिसंबर से परिवार सहित क्रमिक अनशन पर बैठने का निर्णय लिया।
रविवार को अतिथि अध्यापकों द्वारा शिक्षा मंत्री के आवास का घेराव करना था किंतु शनिवार को सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत तथा 12 घायल होने को लेकर मौन प्रदर्शन किया। घेराव की सूचना मिलने पर शहर में भारी पुलिस बल तैनात था। पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल सुबह प्रदर्शन स्थल का निरीक्षण किया ।
अनशन के 26वें दिन चरखी दादरी जिले के बौंदकलां खंड के अतिथि अध्यापक धरने पर बैठे। अतिथि अध्यापकों ने बदरवाल सिटी के समीप हुए सड़क हादसे में मारे गए लोगों को दो मिनट मौन का रखकर श्रद्धांजलि दी। गेस्ट टीचरों को संबोधित करते हुए जिला प्रधान जितेंद्र कलकल ने कहा कि सड़क हादसे के कारण गेस्ट टीचरों ने प्रस्तावित कार्यक्रम में परिवर्तन करते हुए शहर में मौन प्रदर्शन करने का निर्णय लिया। बीजेपी के झूठे नेताओं के खिलाफ अब गेस्ट टीचर अपने रोजगार को बचाने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है। इसके लिए अब परिवारों समेत क्रमिक अनशन पर बैठेंगे। इसके लिए सभी रणनीति तैयार कर ली गई हैं। जल्द ही जनसंपर्क अभियान चलाकर ज्यादा से ज्यादा गेस्ट टीचरों को आंदोलन से जोड़ा जाएगा। अन्य राजनीतिक दलों व सामाजिक संगठनों से भी सहयोग मांगा जाएगा। प्रदेश प्रवक्ता एंव मेवात प्रधान सतीश यादव ने कहा कि स्थानीय नेता एवं बीजेपी के तत्कालीन प्रदेशाध्यक्ष प्रोफेसर रामबिलास शर्मा ने एक कलम से पक्का करने का वादा किया था। 26 दिन से गेस्ट टीचर उनके शहर में क्रमिक अनशन कर रहे हैं, लेकिन ऐसे झूठे नेताओं को लोगों की समस्या से कोई सरोकार नहीं है। अब समय आ गया है कि सरकार के खिलाफ आरपार की लड़ाई लड़ी जाए। इसके लिए हर जरूरी कदम उठाया जाएगा। महेंद्रगढ़ प्रधान सुरेश कुमार व प्रदेश सचिव शैलेंद्र ने कहा कि आगामी आंदोलन अब नए तरीके से लड़ा जाएगा। इस दौरान ईश्वर शर्मा, सुरेंद्र सिंह, राजेश कुमार, कृष्ण कुमार, सुनीता देवी, बलवान सिंह, बिशन, जगवीर प्रजापति, देशराज, अनिल कौशिक, नीरू देवी, महासचिव सुरेश कुमार, राजकुमार, रामनिवास, नरेश कुमार भी उपस्थित थे।