अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। शहर की पुस्तक गली सत्यनारायण मंदिर में चल रहे 21वें गणेश महोत्सव में मंगलवार शाम हुई आरती में नगर परिषद की चेयरपर्सन भारती सैनी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
पंडित देवकीनंदन ने मुख्य यजमान भारती सैनी से पूजन करवा कर बाबा की आरती करवाई। इस मौके पर भारती सैनी से कहा कि इस मंडल द्वारा शहर में सबसे पहले गणेश उत्सव का आयोजन शुरू किया गया था। इसके बाद रात को मंदिर परिसर में श्रीराम हनुमान गुणगान प्रचार मंडल व संकट मोचन संकीर्तन मंडल के संयुक्त तत्वावधान में भव्य संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन मंडल के प्रधान पवन गर्ग की अध्यक्षता में किया गया। पूजन के बाद गायत्री मंत्र, हनुमान चालीसा तथा रामधुन के बाद सुंदरकांड पाठ का शुभारंभ किया गया। जिसमें ज्ञानस्वरूप शर्मा, दीपक शर्मा, कांशीराम, घनश्याम गर्ग, विजय हल्दिया तथा दिनेश बारी ने सुंदरकांड पाठ के दोहे चौपाइयों का सुंदर गायन किया। इसके बाद भजनों का दौर शुरू हुआ। जिसमें युवा गायक विकास जांगिड़ ने ‘गणपत जी थाने कौण सजायो जी, म्हारो मनड़ो हर लियो थारी सूरत मतवारी’, क्रांति निर्मल ने ‘मैं के बोलू गणपत जी थानै सब बातां का बेरा सै, पिछले साल घणे तारे अबकै नंबर मेरा सै’ आदि भजन सुनाकर भक्तों को झूमने पर विवश कर दिया। इस मौके पर सावरमल, कैलाश हरित, सुनील पाटिल, मुकेश सोनी, दिनेश सोनी, चेतन सोनी, अनिल पटिल, दलीप, राहुल, शुभम, नरेश मित्तल, विकास अग्रवाल, मनीष संघी, नंदू लखेरा, संजय सिंघल, पीके बंसल, सुदर्शन बंसल, रोहताश, विजय व प्रदीप संघी सहित अनेक भक्तजन उपस्थित थे।
मेहंदी प्रतियोगिता आज पटीकरा में
नारनौल। श्री गोपाल सेवा समिति द्वारा पटीकरा में चल रहे श्री गणेश महोत्सव के पांचवें दिन कमलेश सैनी द्वारा संगीतमय सुंदर कांड का आयोजन किया गया। समिति के प्रधान ललित गोयल ने बताया कि 31 अगस्त को छोटी-छोटी बच्चियों द्वारा रात्रि आठ बजे मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर समिति के पदाधिकारी अनिल यादव, कृष्ण मेहता, राकेश वर्मा, अवधेश शर्मा, संदीप, दीपक व मोहित आदि उपस्थित थे।