समीपवर्ती गांव धोलेड़ा में लगे क्रशर जोन में बढ़ते प्रदूषण को लेकर ग्रामीणों ने 15 दिन का प्रशासन को समय दिया है। इसको लेकर मंगलवार को पंचायत समिति सदस्य नरोत्तम यादव के नेतृत्व में पत्रकार वार्ता की गई। इस दौरान उन्होंने कहा कि अगर 15 दिन में कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वह अपने पद से इस्तीफा दे देेंगे। वहीं ग्रामीणों के साथ मिलकर आगामी रूपरेखा तैयार कर आंदोलन किया जाएगा।
धोलेड़ा पंचायत समिति के सदस्य नरोत्तम यादव ने बताया कि बीते ढाई साल से धोलेड़ क्रशर जोन का प्रदूषण बहुत ज्यादा बढ़ गया है। इसके कारण लोग बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोग गांव से शहर की तरफ पलायन कर रहे हैं। वहीं डस्ट ने जमीन को बंजर बना दिया है। इसके कारण खेती पर निर्भर लोग अपने परिवार का भरण-पोषण भी नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन की तरफ से जल्द से जल्द समाधान किया जाए। उन्होंने बताया कि इस समस्या के बाबत कई बार प्रदूषण विभाग और प्रशासन को अलग-अलग माध्यम से कई बार अवगत करवाया मगर कोई समाधान नहीं किया गया। जिसके कारण समस्या जस की तस बनी हुई हैं।
यादव ने कहा कि क्रशर मालिकों ने प्रदूषण को नियंत्रण करने के लिए किसी नियम का पालन नहीं किया है। वहीं प्रदूषण नियंत्रण विभाग को बार-बार अवगत करवाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस अवसर पर संजय कुमार, कैप्टन अशोक सिंह, रामसिंह, विवेक, लोकेश व ओमप्रकाश मौजूद रहे।