पुराने झंडे-डंडे को पीछे छोड़ नई रीत और नई नीत से आगे बढ़ेंगे : नैना
निजी क्षेत्र में प्रदेश के युवाओं के लिए 75 प्रतिशत आरक्षण देंगे
अमर उजाला ब्यूरो
मंडी अटेली। हम पुराने डंडे व झंडे वाली पार्टी को पीछे छोड़ कर आए हैं। हम प्रदेश में नई रीति और नई नीति के साथ जनता को लेकर आगे बढ़ेंगे और नई सोच का आधुनिक व उन्नत हरियाणा बनाएंगे। इसके लिए अहीरवाल की जनता का सहयोग चाहिए। मैं जननायक जनता पार्टी के लिए आपका समर्थन और सहयोग मांगने आई हूं।
विधायक नैना चौटाला अटेली हलके के गांव सिलारपुर में आयोजित हरी चुनरी चौपाल को संबोधित कर रही थी। अहीरवाल क्षेत्र में नैना चौटाला का यह पहला कार्यक्रम था। महिलाओं में नैना सिंह चौटाला को लेकर खासा उत्साह था। नैना चौटाला ने कहा कि जेजेपी का राज बनने पर ऐसी व्यवस्था कायम करेंगे जिससे सरेआम गुंडागर्दी और अपराध करने वाले प्रदेश में कहीं नजर नहीं आएंगे। उन्होंने कहा कि हम लेने वालों में नहीं देने वालों में हैं।
एक रुपया देकर बने जेजेपी का सदस्य
कोई भी व्यक्ति एक रुपया का नोट देकर भी जेजेपी का सदस्य बन सकता है। कुछ पार्टियां सदस्यता के नाम पर भी मोटा चंदा वसूली करती है। जेजेपी को केवल मजबूत कार्यकर्ता चाहिए।
दुष्यंत सीएम बना तो आरओ का पानी और महिलाओं को 55 की उम्र में देंगे पेंशन
दुष्यंत के मुख्यमंत्री बनने पर अहीरवाल में स्वच्छ व शुद्ध जल के लिए हर गांव में आरओ सिस्टम लगाए जाएंगे। इंजीनियर व डॉक्टर बनने का सपना पूरा करने के लिए ऐसे पाठ्यक्रमों की बेटियों की फीस आधी की जाएगी। बुढ़ापा पेंशन पुरुषों को 58 साल और महिलाओं को 55 साल में देंगे और राशि तीन हजार होगी। ट्यूबवेल के कनेक्शन फ्री देंगे। कर्मचारियों की पुरानी पेंशन योजना बहाल होगी।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कंवर सिंह कलवाड़ी, जेजेपी की महिला प्रदेशाध्यक्ष शीला भ्याण,बल्लीराम उर्फ बिल्लू, सिलोचना ढिल्लो, कमलेश सैनी, उर्मिला यादव, प्रेमवती, कविता यादव, कमला चौधरी, रेणू लंबोरा, सरला यादव, मंजू गुर्जर, कृष्णा सिहाग, किरोसता यादव, अंजू सिगड़ा, प्रेमलता तंवर, उषा नांगल, अनुराधा नांगल, संतोष पटीकरा, राजेंद्र, बजरंग लाल अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।