अमर उजाला ब्यूरो
कनीना। रेल मंत्रालय की ओर से अक्टूबर माह में दिल्ली से चलने वाली 3 ट्रेनों का विस्तार किया जा रहा है। इससे त्योहारी सीजन पर यात्रियों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी। उत्तर-दक्षिण जोन के जन संपर्क अधिकारी तरुण जैन के मुताबिक दिल्ली से जयपुर, अजमेर व हरिद्वार, बीकानेर के मध्य विशेष गाड़ियां चलाई जा रही हैं।
बीकानेर से हरिद्वार गाड़ी संख्या 04735 साप्ताहिक स्पेशल एक्सप्रेस 6 अक्तूूबर से शुरू हो चुकी है। महीने में 27 अक्तूबर तक इसके चार फेरे रहेंगे। प्रत्येक शुक्रवार को यह गाड़ी बीकानेर से शाम 7.45 पर रवाना होकर 1 बजे महेंद्रगढ़, 1.45 पर रेवाड़ी और शनिवार सुबह 10.25 पर हरिद्वार पहुंचेगी। वापसी में यह गाड़ी शनिवार को शाम 7.50 पर हरिद्वार से रवाना होकर रविवार सुबह 3.17 पर रेवाड़ी, 3.55 पर महेंद्रगढ़ पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव बीकानेर, नापासर, सूडसर, डूंगरगढ, राजलदेसर, रतनगढ, चूरू, सादुलपुर, लोहारू, महेंद्रगढ, रेवाडी़, दिल्ली, शहादरा, शामली, टापरी, रूडक़ी व हरिद्वार का होगा।
एक ट्रेन अजमेर से दिल्ली के लिए चल पड़ी है। गाड़ी संख्या 09627 सुपरफास्ट रेल सेवा 16 सितंबर से शुरू होकर 30 अक्तूूबर तक प्रत्येक सोमवार, बुधवार, शनिवार को चलेगी। जो इस दौरान 20 ट्रिप देगी। अजमेर से सुबह 5.45 बजे रवाना होगी जो 10.10 पर रेवाड़ी, 11.05 पर दिल्ली कैंट पहुंचेगी। गाड़ी संख्या 09628 इसी प्रकार से संचालित होगी। जो प्रत्येक सोमवार, बुधवार, शनिवार को सांय 4 बजे दिल्ली कैंट से रवाना होगी जो 5.23 पर रेवाड़ी तथा 10.25 पर अजमेर पहुंचेगी। इस गाड़ी का ठहराव किशनगढ, फुलेरा, रेनवाल,रींगस, श्रीमाधोपुर, नीमकाथाना, डाबला, नारनौल, अटेली, रेवाड़ी, गुरुग्राम व दिल्ली कैंट होगा।