मोदी से एसवाईएल का पानी नहीं दिलवा सकें तो मंत्री और सांसद दें इस्तीफा : किरण चौधरी
अमर उजाला ब्यूरो
मंडी अटेली। सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बावजूद केंद्र की भाजपा सरकार एसवाईएल का पानी दिलाने में रुचि नहीं दिखा रही। पानी न आने पर राजनैतिक रोटियां सेक रही है। यदि हरियाणा के सत्ता पक्ष के सांसद और मंत्री वास्तव में जनता के हितैषी हैं तो वे एसवाईएल में पानी नहीं आने पर अपने पदों से इस्तीफा दें। यह बात कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी ने शनिवार को नई अनाज मंडी में आयोजित कांग्रेस की किसान लाठी रैली में कहीं। रैली का आयोजन पूर्व विधायक नरेश यादव ने किया था।
उन्होंने कहा कि पानी ही दक्षिणी हरियाणा की जीवन रेखा है। पानी के बगैर जीवन अधूरा है। सुप्रीम कोर्ट ने एसवाईएल का फैसला सुनाते हुए साफ कहा है कि पंजाब से हरियाणा को उसके हिस्से का पानी केंद्र सरकार दिलाए। आठ माह बाद भी केंद्र सरकार एसवाईएल का पानी दिलाने में अक्षम साबित हो रही है। इससे साफ जाहिर है कि मोदी सरकार हरियाणा की जनता को एसवाईएल का पानी नहीं दिलानी चाहती।
उन्होंने कहा कि जब देश और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी तो रिकॉर्ड तोड़ विकास कार्य कराए गए। लेकिन, भाजपा के नेता आज जनता को जातपात के नाम पर बांटकर वोट बटोरे जा रहे हैं। देश के प्रधानमंत्री ने चुनाव से पहले रेवाड़ी में आयोजित सैनिकों की रैली में विश्वास दिलाया कि सरकार बनते ही वन रैंक वन पेंशन दी जाएगी। दिल्ली के लालकिले से हर वर्ष ढाई करोड़ बेरोजगारों को नौकरी देने की घोषणा की थी। आज तक इस पर कोई कार्य नहीं किया गया। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी बंशीलाल के विकास कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनकी नीति 36 बिरादरी के हित में कार्य करने की रही है। आज नहीं 1970 से पहले प्रदेश के प्रत्येक गांव-गांव में बिजली का प्रकाश किया गया। नहरों का जाल बिछाया गया और प्रत्येक गांव को सड़कों से जोड़ा गया। आज बेशक यह सत्ता पर काबिज सरकार कुछ भी कहें लेकिन सच्चाई यह है कि सड़कों की मरम्मत भी यह ठीक ढंग से नहीं करवा पा रही। बिजली-पानी के लिए त्राहि-त्राहि मची हुई है।
पूर्व सांसद श्रुति चौधरी ने रैली में कहा कि दक्षिणी हरियाणा वीर सैनिकों की भूमि है जो सरहद पर रहकर देश की रक्षा करने में जुटे हुए हैं। लेकिन, सरकार जनता के हितों में और सैनिकों के परिवार को लाभ पहुंचाने वाली कोई योजना लागू नहीं कर रही। यहां पानी की बहुत जरूरत है। कई क्षेत्रों में तो 1500 फुट से भी अधिक गहराई में पानी चला गया। इसके बाद भी पानी की व्यवस्था सरकार नहीं कर रही। कहा कि सांसद रहते हुए उन्होंने एक हजार करोड़ रुपये की लागत से सीवरेज और पानी की व्यवस्था महेंद्रगढ़ जिले में करवाई थी।
पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव ने रैली में कहा कि भाजपा सरकार पूंजीपतियों की सरकार बनकर रह गई है। उन्होंने अपनी ही पार्टी के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर कहा कि वह बेशक आज इस कांग्रेस की किसान लाठी रैली को कांग्रेस की रैली न बता रहे, लेकिन जब मझधार में थे तो उस समय दक्षिणी हरियाणा के कांग्रेसी विधायकों ने ही उन्हें अपना समर्थन देकर मुख्यमंत्री बनाया था।
रैली के आयोजक कांग्रेसी नेता और पूर्व विधायक नरेश यादव ने कहा कि यह कोई चुनावी जनसभा नहीं, बल्कि भाजपा सरकार से दुखी किसान, मजदूर, व्यापारी और बेरोजगारों के लिए रैली का आयोजन किया है। गांव बिहाली के गोली कांड, कस्बे के जिया कांड को दोहराते हुए कहा कि एक वर्ष बीत जाने के बाद भी गोली कांड के आरोपी को पुलिस नहीं पकड़ सकी है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र की जनता अब जाग चुकी है आने वाले समय में झूठे वायदे व लोगों को बरगलाने वाले नेताओं को सबक सिखाएगी। इस मौके पर अजय शर्मा, सुरेंद्र नंबरदार, पूर्व नप प्रधान राजेंद्र यादव बिल्लू, चंद्र प्रकाश, सुरेंद्र नारनौलिया, इंद्रपाल, वेदप्रकाश, अजीत फोगाट, अजीत रावत, डॉ. हिमत यादव, सोनू हुडिना, सुरेश सैनी, मदन शेखावत, अनिल, दयाराम, अमन आनंद, धनीराम, पूर्व सरपंच प्रीतम टिल्लू, सीताराम बिहाली, मदन सैदपुर, सत्यवीर झुकिया, अभिमन्यु राव,, सोनू कौशिक आदि उपस्थित थे।