नारनौल। महावीर चौक पर टूटी ट्रैफिक लाइट को नगर परिषद करीब पांच माह में भी ठीक नहीं करा पाया है। इससे वाहन चालकों के साथ ट्रैफिक पुलिस को परेशानी उठानी पड़ रही है। चौक पर तीन ओर लाइटें हैं लेकिन एक तरफ की लाइट नहीं है। ऐसे में यहां पर अब पुलिस कर्मी पीक ओवर में खुद ट्रैफिक संभालते हैं।
बता दें कि महावीर चौक पर 18 दिसंबर की सुबह एक डंपर अनियंत्रित होकर सिंघाना रोड के डिवाइडर पर चढ़कर, ट्रैफिक लाइट को तोड़ता हुआ एक क्लिनिक में जा घुसा था। इसके बाद से चौक पर ट्रैफिक लाइट का सिस्टम पटरी से उतर गया है। ट्रैफिक पुलिस ने नगर परिषद से जल्द ट्रैफिक लाइट लगवाने को कहा था। जिससे की चौक पर यातायात को बेहतर तरीके से संचालित हो सके। लेकिन,अभी तक चौक की लाइट को ठीक नहीं कराया जा सका है। ट्रैफिक पुलिस के चार-पांच जवानों की चौक पर ड्यूटी लगाई गई है। पीकआवर में मैनुअल तरीके से ट्रैफिक को संचालित किया जा रहा है। चौक पर दिन में स्थानीय वाहनों का दबाव होता है। वहीं रात 10 बजे बाद हैवी वाहनों का दबाव हो जाता है। ऐसे में अब पुलिस कर्मचारियों को रात में भी चौक पर तैनात रहना पड़ता है क्योंकि डंपर के कारण शहर में जाम की समस्या आ जाती है। दूसरा चौक को क्रॉस करने के दौरान हादसे की भी संभावना बनी रहती है।
हीरो होंडा चौक की लाइट भी खराब
नारनौल शहर में महाबीर चौक व हीरो होंडा चौक पर ट्रैफिक लाइटें लगी हुई हैं। इसमें महाबीर चौक की ही ट्रैफिक लाइट काम कर रही थी। जबकि, हीरो होंडा चौक की लंबे समय से खराब है। अब महाबीर चौक पर लाइटें बंद हो गई हैं। लोगों का कहना है कि शहर की एक ट्रैफिक लाइट भी नप सही तरीके से चला पा रहा है।
महावीर चौक की ट्रैफिक लाइट को जल्द ठीक करा दिया जाएगा। चौक पर एक तरफ की लाइट व पोल टूटा हुआ है। स्थानीय स्तर पर पोल उपलब्ध न होने के कारण बाहर से मंगाया जाएगा।
- हेमंत कुमार, कार्यकारी अभियंता, नप
चौक पर एक तरफ का पोल टूटा हुआ है। इसे नगर परिषद को ठीक कराना है। फिलहाल चौक पर चार-पांच जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। चौक के चारों ओर से रेहड़ी और अवैध कब्जों को हटाया गया है। जिससे की चौक पर जाम की समस्या न आने पाए।
वीना राणा, यातायात प्रभारी