ऑटो चालकों पर सख्त पुलिस, काटे गए चालान
फोटो नंबर 11 व 12
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। महेंद्रगढ़ में शनिवार को हुए सड़क हादसे के बाद भी चालक पहले की तरह अब भी ऑटो में निर्धारित से अधिक सवारियां बैठाकर सड़कों पर सरपट दौड़ा रहे हैं। महेंद्रगढ़ के सड़क हादसे में एक साथ चार लोगों की मौत होना भी ऑटो में निर्धारित से अधिक सवारी बैठाकर ले जाना माना जा रहा है। हालांकि इस दुर्घटना के बाद महेंद्रगढ़ पुलिस थाना प्रभारी ने ऑटो चालकों की क्लास लेते हुए उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं नारनौल में भी सोमवार को यातायात प्रभारी सत्यनारायण की अगुवाई में यातायात पुलिस ने क्षमता से अधिक सवारी लेकर जाने वाले ऑटो व अन्य सवारी गाड़ियों पर शिकंजा कसते हुए उनके चालाक काटे व चालकों को भविष्य में क्षमता से अधिक सवारी न बैठाने के निर्देश दिए।
ऑटो और अन्य छोटे वाहनों में नियमानुसार तीन से छह या सात ही सवारी बैठा सकते हैं, लेकिन ये आटो व अन्य छोटे वाहन चालक नियमों को ताक पर रखते हुए कई गुणा सवारी अपनी वाहन में बैठा लेते हैं। तेज रफ्तार व क्षमता से अधिक सवारी के कारण अकसर वाहन चालक का ओवरटेक करते समय संतुलन बिगड़ जाता है और हादसा हो जाता है। अर्थात वाहन में अधिक सवारियां होने के कारण जानमाल की हानि अधिक होती है।
यातायात प्रभारी सत्यनारायण ने सोमवार को नारनौल बाईपास पर आटो व अन्य छोटे वाहनों के क्षमता से अधिक सवारी ले जाने पर चालान किया। वहीं वाहन में क्षमता से अधिक सवारियों को वाहन से नीचे उतार दिया। इसके साथ ही उन्होंने वाहन चालकों को अपने वाहन में भविष्य में क्षमता से अधिक सवारी न बैठाने की सख्त हिदायत भी दी। इस बारे में चालकों ने बताया कि नियमानुसार आटो में क्षमता से अधिक सवारी नहीं बैठा सकते हैं। परंतु अगर वे ऐसा नहीं करते है तो उनकी दिनभर में 200 से 300 रुपये की ही कमाई हो पाएगी। जो तेल खर्च में समाप्त हो जाएगी। इसके साथ ही कुछ ने लोन पर आटो लिया हुआ है। इसलिए अगर वे अधिक सवारी नहीं बैठाते है तो उनकी माह की किस्त भी नहीं जमा हो पाएगी।
क्षमता से अधिक ले जाने वाले आटो व अन्य छोटे वाहनों के चालान किए गए। वहीं क्षमता से अधिक सवारियों को वाहन से नीचे उतारा गया। इसके साथ ही वाहन चालकों को सख्त हिदायत भी गई है। उनका यह अभियान लगातार जारी रहेगा। यातायात नियमों का पालन नहीं करने के खिलाफ कार्रवाई होगी।
-सत्यनारायण, यातायात प्रभारी नारनौल।