फोटो संख्या : 41 से 48
पांच दिन से पानी सप्लाई ठप, जलघर पर गेट पर जड़ा ताला
गांव पाली में जलघर की मोटर है खराब, ग्रामीणों ने कहा पहले सभी मोटर ठीक कराओ
अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। गांव पाली में पिछले पांच दिनों से पेयजल सप्लाई नहीं होने के कारण लोगों ने जलघर के मुख्य गेट पर तालाबंदी कर प्रशासन के खिलाफ सोमवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक पानी की सभी मोटर्स ठीक नहीं हो जाती तब तक वो गेट का ताला नहीं खोलेंगे। एक मोटर ठीक होकर आई तो उसको ग्रामीणों ने उसको भी नहीं रखने दिया, उसे ऑटो में वापस ही भेज दिया। समाचार लिखे जाने तक गेट पर ताला जड़ा हुआ था जबकि प्रशासन की ओर से कोई अधिकारी नहीं पहुंच पाया था।
सोमवार को गांव पाली के ग्रामीणों ने सरपंच सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में जलघर के पास एकत्र हुए। वहां पर बैठक में विचार विमर्श कर जल घर को ताला लगाने का निर्णय लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जलघर के मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों ने बताया कि पांच दिन से पानी की मोटर खराब है। इस कारण गांव में पेयजल सप्लाई नहीं हो रहा है। उन्होंने बताया कि इस जलघर से पाली और पालड़ी गांव के 15 हजार लोगों को पीने का पानी मिलता है। पानी नहीं आने के कारण लोगों के सामने समस्या खड़ी हो गई है।
पंचायती बोरवेल और खरीदकर दिया जा रहा पानी
इस समय जहां पानी नहीं पहुंच पा रहा है, वहां पंचायती बोरवेल से गांव में पेयजल दिया जा रहा है। उसके लिए पंचायत पानी के टैंक पहुंचा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि वाल्मीकि बस्ती, दलित बस्ती और अन्य जगहों पर प्रतिदिन 9 टैंकर पानी के खरीदकर भिजवाये जा रहे हैं, जिससे पंचायत को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मोटर ठीक नहीं करवाई तो वो रोड जाम भी कर सकते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि जलघर का ताला तब तक नहीं खुलेगा जब तक सभी मोटर ठीक नहीं हो जाती है।
15 हजार जनसंख्या, 6 मोटर, ठीक एक भी नहीं
गांव पाली में स्थित जल घर से पाली और पालड़ी गांव की लगभग 15 हजार लोगों को पीने का पानी मिलता है। जलघर में छह मोटर हैं, जिनमें एक भी मोटर ठीक नहीं है। तीन मोटर्स को खराब हुए एक वर्ष से अधिक समय हो गया जो अभी तक ठीक नहीं हो पाई है। एक मोटर के सहारे ही गांवों में पेयजल सप्लाई हो रही थी। अब वह भी पांच दिनों से खराब पड़ी है। इसके अलावा दो मोटर्स पानी को फिल्टर करने की हैं वो भी कई दिनों से खराब पड़ी है।
------------
पांच दिन से गांव में पानी की किल्लत है। न तो आदमियों के लिए न ही पशुओं के लिए पानी की व्यवस्था है। जल घर की सभी मोटर खराब हैं। अधिकारी को चाहिए कि पानी की मोटरों को ठीक करवा कर जल्द से पेयजल सप्लाई शुरू की जाए।
-विनय कुमार, पंच।
-----
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग का गांव पाली की पेयजल सप्लाई पर बिल्कुल ध्यान नहीं है। पांच दिन से मोटर खराब पड़ी है जो अभी तक ठीक नहीं हुई है। इसके अलावा जून माह में एसडीओ को लीकेज लाइन का सर्वे करवाया था। लाइन कई जगहों से लीक थी उनको भी ठीक नहीं करवाया गया है।
-मक्खन लाल, पंच।
---------
टैंकों की कागजों में सफाई हो रही है। धरातल पर टैंकों की सफाई नहीं हो रही है। लगभग 18 वर्ष पुराने टैंकों को बने हुए हो चुके और दस वर्ष के करीब नए टैंकों बने हो चुके हैं किंतु अभी उनकी एक बार भी सफाई नहीं हुई है। पांच दिन से मोटर खराब है उसको भी ठीक नहीं करवाया गया है।
-नरेश कुमार, पंच।
------
गांव में पांच दिनों से पानी की समस्या बनी हुई है। प्रशासन को भी मौखिक रूप से बोला गया है। अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। गांव में शादी वाले घरों और जहां बोर का पानी नहीं पहुंच रहा है, वहां पंचायत की ओर से टैंकर भिजवाए जा रहे हैं। ताला तब तक नहीं खोलेंगे, जब तक मोटर ठीक नहीं हो जाती।
-सुरेंद्र कुमार, सरपंच, गांव पाली।