माता-पिता की सेवा करना संतान का कर्तव्य : स्वामी रामप्रपन्नाचार्य
अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। बाबा जयरामदास धर्मशाला में चल रही श्रीमद् भागवत कथा के सातवें दिन कथावाचक स्वामी रामप्रपन्नाचार्य महाराज ने कहा कि युगों से मां अनेकों कष्ट सह कर भी अपनी संतान के लिये कुर्बान होने का जज्बा रखती है। इस लिए प्रत्येक संतान का कर्तव्य बनता है कि उसके द्वारा किया गया प्रत्येक कार्य अपने माता-पिता के हित में होना चाहिए।
कथा के सातवें दिन के मुख्य यजमान शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा थे। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि के रूप में नरेश शर्मा, पूर्व जिला प्रमुख सुरेंद्र कौशिक विशेष रूप से उपस्थित थे।
शिक्षा मंत्री ने श्रीमद् भागवत कथा पर माल्यार्पण कर स्वामी श्रीरामप्रपन्नाचार्य से आशीर्वाद प्राप्त किया। शिक्षा मंत्री शर्मा ने उपस्थित श्रद्धालुओं से कहा कि जिसने भी भागवत कथा का श्रवण कर लिया उसका बेड़ा पार हो गया। स्वामी जी ने मां यशोद द्वारा नटखट कन्हैया को गोपियों की शिकायत पर बांध देना और कान्हा द्वारा अपनी सफाई दिये जाने का संजीव वृतांत सुनाया तो उपस्थित श्रद्घालु गद-गद हो उठे। इस मौके पर किशन चंद बोहरा, ओमप्रकाश बोहरा, हनुमान प्रसाद, सुरेश राजस्थानी, दलीप शर्मा, धर्मबीर चिकना, प्रेमपाल वाले, किशन मस्ताना, रोहताश सोनी, लाला रामनिवास, नपा पार्षद डा. तरुण कुमार, विक्की खुडाना, मार्केट कमेटी वाइस चेयरमैन सूरत सैनी आदि मौजूद रहे।