जैलाफ के पहलवान ने जीती 21 हजार की कुश्ती
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। महात्मा रामकरणदास महाराज की याद में सोमवार शाम टिल्लूवाली तालाब के पास विशाल कुश्ती दंगल व मेले का आयोजन किया गया। जिसमें नगर परिषद चेयरपर्सन के पति समाजसेवी संजय सैनी ने मुख्यअतिथि के रूप में शिरकत की। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्षद मनोज कुमार सैनी ने की। इस दौरान आयोजित कुश्ती दंगल में 21 हजार का दंगल संजय जैलाफ ने जीता।
इस अवसर पर मुख्यातिथि संजय सैनी ने कहा कि कुश्ती भारतीय संस्कृति की विरासत है। महात्मा रामकरणदास की प्रसिद्ध जिला ही नहीं, अपितु हरियाणा व राजस्थान में है। यहीं कारण है कि उनकी याद में लगने वाले मेला व कुश्ती दंगल में हजारों लोग आते है। इस मौके पर समाजसेवी राजकुमार एडवोकेट, सैनी सभा के प्रधान बिशन कुमार सैनी, जयसिंह सैनी, पप्पू आढ़ती, मेला कमेटी प्रधान रामनिवास ढाणी, रणजीत सैनी, निहाल सैनी, विनोद, ओपी सैनी, हरिश एडवोकेट, पार्षद कृष्ण कुमार, पार्षद दिनेश सैनी सहित अनेक लोग मौजूद थे।
कुश्ती प्रतियोगिता में ये रहे विजेता
कुश्ती दंगल कमेटी के प्रधान रामनिवास ढाणी ने बताया कि कबड्डी प्रतियोगिता में रघुनाथपुरा की टीम विजेता बनी। इस टीम को 2100 रुपए देकर सम्मानित किया गया। वहीं दूसरे स्थान पर कोरियावास और तीसरे नंबर पर मूलोदी की टीम रही। प्रधान ने बताया कि कुश्ती दंगल 21 रुपए से 21 हजार तक हुआ। इसमें 11 हजार की कुश्ती मोनू कुमार नारनौल व मोहित कुमार सोनीपत के बीच हुई। इसमें मोनू कुमार नारनौल ने जीत हासिल की। अंतिम कुश्ती लीलू पहलवाल लाडपुर झज्जर और संजय कुमार जैलाफ के बीच हुई। इस 21 हजार की अंतिम कुश्ती में संजय कुमार जैलाफ ने जीत हासिल की।