अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में आरआरसीएम पब्लिक स्कूल कनीना के प्राथमिक स्तर के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। इस मौके पर स्कूल में सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें स्कूल की ओर से विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल के चेयरमैन रोशनलाल यादव ने की।
संस्था के निदेशक संजय यादव ने बताया कि स्कूल की प्राथमिक स्तर की कबड्डी एवं रस्साकसी की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं 100 मीटर, 200मीटर, 400 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। इसके साथ ही विद्यालय में आयोजित स्कूल ड्रेस प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग में रिया और सोनम ने प्रथम, हिमांशी और यश ने द्वितीय स्थान तथा ध्रुव, भविष्य, रीशिका व मलिस्का ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सीनियर वर्ग में मीनाक्षी ने प्रथम, अंजु व हिमांशी ने द्वितीय तथा नीलम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। स्कूल चेयरमैन रोशनलाल यादव और प्राचार्य बिरेंद्र सिंह ने विजेता टीमों व खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।