अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। गांव पटीकरा में बाबा खेतानाथ राजकीय आयुर्वेदिक कालेज एवं अस्पताल के भवन का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। मंगलवार को विधायक ओमप्रकाश यादव की उपस्थिति में उपमंडल अधिकारी गजेंद्र सिंह लोक निर्माण विभाग, डा. भगत सिंह जिला आयुर्वेद अधिकारी नारनौल, डा. अजित यादव जिला आयुर्वेद अधिकारी रेवाड़ी, डा. दिनेश शर्मा एएमओ कार्यालय महानिदेशक आयुष हरियाणा के द्वारा संयुक्त रूप से इन भवनों का पजेशन लिया गया।
जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. भगत सिंह बेनीवाल ने बताया कि 6 मई 2012 को गांव पटीकरा में संत बाबा खेतानाथ की याद में आयुर्वेदिक कालेज एवं अस्पताल की स्थापना के लिए शिलान्यास किया गया था। उन्होंने बताया कि इस कालेज के साथ एक आयुर्वेदिक अस्पताल की स्थापना भी की गई है। इसमें आयुर्वेद विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न प्रकार की बीमारियों का जैसे उच्च रक्तचाप, मधुमेह, जोड़ों का दर्द एवं अन्य रोगों का इलाज आयुर्वेदिक पद्धति द्वारा किया जाएगा। अस्पताल में पंचकर्मा थेरेपी सेंटर एवं क्षारसूत्र केंद्र की स्थापना भी की जाएगी। इस कालेज के प्रांगण में एक हर्बल गार्डन भी विकसित किया जाएगा। इस मौके पर कार्यकारी अभियंता दर्शन कुमार, उपमंडल अधिकारी नवीन राठी व लोक निर्माण विभाग से जेई सुमेर तथा आयुष विभाग से डॉ. सतीश कुमार, डॉ. अनिल यादव, डॉ. संजय यादव व डॉ. भूपेंद्र मौजूद थे।