झुलसा देने वाली गर्मी के बाद रविवार शाम चार बजे अंधड़ से साथ हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया। बारिश के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली है। बारिश के चलते रविवार को नारनौल में अधिकतम तापमान 36.8 व न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं नारनौल में बारिश 12 एमएम हुई। इससे तापमान में अधिकतम 2.7 डिग्री व न्यूनतम में 1.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार एक दो दिन मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। कहीं कहीं बूंदाबांदी व हल्की बारिश की संभावना है। शनिवार को अधिकतम 39.5 व न्यूनतम 25.0 था।
बारिश के चलते कृषि विभाग के उप निदेशक ने किसानों को सलाह दी कि नरमा की फसल में निराई गुड़ाई करें ताकि फसल में खरपतवार न हो व नमी संचित रहें। बाजरे की बिजाई का भी सही समय आ गया है। बारिश से पहले खेत को अच्छी तरह से तैयार कर लें। रविवार को दोपहर बाद चार बजे अचानक मौसम में बदल गया। अंधड़ के बाद बारिश होने से शहर व ग्रामीण क्षेत्र में बिजली गुल हो गई। एसडीओ विशाल राजपूत ने बताया कि अंधड़ से रेवाड़ी रोड, किला रोड व सिंघाना रोड की बिजली प्रभावित हुई। जिसे बिजली कर्मचारियों ने शाम सात बजे तक ठीक दिया।
बारिश से कई जगहों पर हुआ जलभराव
अंधड़ से साथ हुई बारिश से शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया। जिसमें मोहल्ला जमालपुर, पुलिस लाइन, रावका मोहल्ला, मंडी रोड समेत कई जगहों पर जलभराव हो गया। शनिवार को भी क्षेत्र में चार एमएम बारिश हुई थी। बारिश के चलते लोगों ने गर्मी सेता हत की सांस ली है। रविवार को 12 एमएम बारिश हुई।