नारनौल। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम द्वारा हरियाणा बिजली विनियामक आयोग के दिशा-निर्देशानुसार उपभोक्ताओं की सुनवाई के लिए वीरवार सांय 3 बजेे नारनौल में अधीक्षक अभियंता कार्यालय में एक बैठक का आयोजन किया जाएगा।
निगम के प्रवक्ता ने बताया कि सीजीआरएफ द्वारा आयोजित इस बैठक में बिलिंग समस्या, वोल्टेज शिकायत, मीटरों से संबंधित शिकायतें, बिजली आपूर्ति कटवाने व पुन: जुड़वाने संबंधी, बिजली आपूर्ति में बाधाएं व बंद होना, दक्षता, सुरक्षा, विश्वसनीयता, हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग के आदेशों की अनुपालना न करने संबंधी मामलों को शामिल कर उन पर सुनवाई की जाएगी। बैठक में बिजली की चोरी व उसके अनाधिकृत उपयोग, दुर्घटनाओं व जांच संबंधी मामलों को शामिल नहीं किया जाएगा। उपभोक्ताओं को फोरम में जाने से पूर्व सुनिश्चित करना होगा कि उसी मामले पर किसी न्यायालय में मामला लंबित न हो। उपभोक्ता को शिकायत का विस्तृत विवरण सत्यापित शपथ-पत्र के साथ देना होगा।