खुले में शौच करने से पनप रही हैं बीमारियां: बबीता
अमर उजाला ब्यूरो
नांगल चौधरी। शहर को ओडीएफ बनाने के लिए चेयरमैन बबीता सैनी की अध्यक्षता में शुक्रवार को पार्षदों की बैठक हुई।
उन्होंने कहा कि खुले में शौच करने से संक्रमित बीमारियों को बढ़ावा मिलता है। समाधान को लेकर सरकार ने गांव व शहरों को ओडीएफ बनाने का निर्णय लिया है। नांगल चौधरी नपा में वार्ड स्तर पर सार्वजनिक शौचालय मंजूर हो चुके हैं। निर्माण के टेंडर भी छोड़ दिए गए हैं, जिनकी जल्द ही प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है।
बैठक में पार्षदों को कमेटी गठित कर जागरूकता अभियान की जिम्मेदारी दी गई। नपा सचिव राजाराम ने बताया कि प्रत्येक वार्ड में पार्षद की कमेटी गठित की जाएगी। कमेटी सदस्य सुबह चार बजे मुख्य मार्गों पर खड़े होंगे और इस दौरान खुले में शौच करने जा रहे लोगों को शौचालय इस्तेमाल करने की नसीहत देंगे। इस मौके पर राजेश सैनी, गणेश सैनी, संतलाल, योगेंद्र सिंह व राहुल शेहरावत आदि मौजूद थे।