आश्वासन के बाद भी नहीं मानी महिलाएं, पहुंची एक्सईएन कार्यालय
फोटो संख्या : 44 और 46
अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। बिजली पानी की समस्या को लेकर मंगलवार को तुलाराम कॉलोनी की महिलाओं ने सतनाली चौक पर जाम लगा दिया। महिलाएं चैन बनाकर एनएच पर सतनाली चौक पर खड़ी हो गई, जिस कारण नेशनल हाइवे पर दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गई। इस दौरान उमस भरी गर्मी में वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे तहसीलदार ने आश्वासन देकर जाम खुलवाया और उसके बाद महिलाएं एक्सईएन कार्यालय पहुंच गई। जब एक्सईएन ने उन्हें आश्वासन दिया तब जाकर महिलाएं मानी।
जाम लगाने वाली महिला बिमला, सुषमा, ममता, बीना, मुन्नी, लाली, शकुंतला, आदि ने बताया कि लोड की अधिकता के कारण विभाग द्वारा लगाया गया एक सप्ताह पूर्व 100 केवी का ट्रांसफार्मर कल सोमवार की रात पुन: जल गया। महिलाओं का कहना था कि कॉलोनी की आबादी और क्षेत्र में दुकानों की संख्या जिनमें लगभग दस दुकानें खराद व वेल्डिंग की है को देखते हुए 100 केवी के एक ट्रांसफार्मर के अतिरिक्त एक 200 केवी का ट्रांसफार्मर और लगाया जाए तभी समस्या का कुछ समाधान हो पाएगा। बिजली निगम के एसडीओ जगदीश प्रसाद ने महिलाओं को आश्वासन दिया कि उनकी समस्या के समाधान के लिए नारनौल से 200 केवी का ट्रांसफार्मर मंगाया हुआ है जो तीन बजे तक लगाकर बाधित बिजली सुचारु कर दी जाएगी तथा बार-बार यह समस्या ना आए इसके लिए दस दिनों के अंदर ही एक सौ केवी का ट्रांसफार्मर और लगा दिया जाएगा।