अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़/नारनौल। शिवरात्रि पर्व सोमवार को धूमधाम से मनाया गया। शिवलिंग पर जलाभिषेक करके भगवान शिव की आराधना की। प्रात: चार बजे से ही मंदिरों में लोगों का आवागमन शुरू हो गया था। भक्तों ने शिवालयों में गाजर, बेर, दूध, फल, बेलपत्र भगवान शिव को अर्पण करके अपनी मनोकामनाएं मांगी।
नारनौल शहर के मोडावाला, छोटा बड़ा तालाब, कच्चागढ़, मोटा महादेव, आदि मंदिरों में भक्तों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली। इस दिन लोगों ने उपवास रखकर भी भगवान शिव आराधना की। महेंद्रगढ़ में शिवरात्रि का पर्व हर्ष उल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर विभिन्न शिवालय बम बम के जयकारों से गूंज उठा। मोदाश्रम मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। इस मौके पर दंगल और मेले का आयोजन किया। मेले में 51 रुपये से लेकर 21000 रुपये तक की कुश्तियां करवाई गईं। इस मौके पर मोदाश्रम मंदिर कमेटी के प्रधान बचन सिंह, हरियाणा कला परिषद के क्षेत्रीय निदेशक महेश जोशी, मास्टर दिनेश दत्त, प्रमोद यादव बेवल सहित अनेक लोग उपस्थित थे।
बाघेश्वर धाम में उमड़े भक्त
अमर उजाला ब्यूरो
कनीना। महाशिवरात्रि के अवसर पर सोमवार को बाघेश्वर धाम बाघोत में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। उपवास रखकर श्रद्धालु शिवलिंग पर जलाभिषेक करने के लिए सुबह से ही उमड़ पड़े। श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर बम-बम का उद्घोष करते हुए जलाभिषेक किया। महंत रोशन पुरी ने बताया कि मेले में कांवड़ भी चढ़ाई गईं। सावन में यह मेला पखवाड़ेभर चलता है। महीपाल नंबरदार ने बताया कि मेले को लेकर गांव के युवाओं की टीम सेवारत रहती है। इस मौके पर महिपाल सिंह, जिले सिंह, श्रीराम शर्मा, राजबीर सिंह, दलीप सिंह, सुमेर सिंह हाजिर थे।
दिव्य ज्योति आश्रम में मनाया शिव रात्रि महोत्सव
नारनौल। महाशिवरात्रि के पर्व पर सोमवार सुबह से ही मंदिरों में महिलाओं की भारी भीड़ लगी रही। पुरानी कचहरी परिसर में ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के दिव्य ज्योति आश्रम द्वारा 83वीं त्रिमूर्ति शिव जयंती महोत्सव का आयोजन किया गया। माउंट आबु से आए राज सिंह भाई ने कहा कि व्यक्ति को अपने आप में बदलाव करना चाहिए। आश्रम की मुख्य संचालिका रतन दीदी ने कहा कि शिव रात्रि के इस पावन पर्व पर शिवजी को जल चढ़ाना तथा फल-फूल चढ़ाकर व्रत आदि करने से मन शुद्ध होता है। हाउसिंग बोर्ड के अधीक्षक अभियंता बीरेंद्र यादव, डॉ. सूबे सिंह, कमल दीदी, मनोहर भाई, रमेश भाई, बद्रीप्रसाद, संजय गर्ग, मधु बहन, सुनिता बहन, अंजू बहन, उर्मिला बहन, अशोक भाई तथा हरीराम भाई आदि भी उपस्थित थे।
देवी-देवताओं की भव्य मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा
नारनौल। निजामपुर रोड पर स्थित हैफेड तेल मिल के परिसर के मुख्य गेट पर अभी हाल ही बनाए गए मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर 13 देवी देवताओं की भव्य मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की गई। पंडित देवदत्त शास्त्री के सानिध्य में सात ब्राह्मणों ने 72 घंटे पहले ही पूजा अर्चना शुरू करके सोमवार को महाशिवरात्रि के अवसर पर संपन्न करवाई और मंदिर परिसर में हवन यज्ञ करवाया। इस हवन यज्ञ में हैफेड रेवाड़ी के डीएम सुरेंद्र चौधरी सपत्नीक मुख्य यजमान के रूप में शामिल हुए। हैफेड नारनौल के जीएम राजेंद्र सिंह यादव व लेखाकार घीसाराम सपत्नीक हवन में शामिल हुए। इस मौके पर हैफेड नारनौल के डीएम रामकुमार, जिला प्रबंधक देशराज यादव, नीरज त्यागी, देंवेंद्र जांगिड जीएम रेवाडी, सुकरम पाल सिंह व डा.योगेश शेखावत आदि ने भी हवन में आहुति डालकर इस धार्मिक अनुष्ठान को संपन्न करवाया।
उपवास रखकर किया शिव की महिमा का गुणगान
अमर उजाला ब्यूरो
मंडी अटेली। क्षेत्र में महाशिवरात्रि का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। महिलाओं व पुरुषों ने उपवास रखकर शिव की महिमा का गुणगान किया। गांव कांटी, बिहाली ,फतेहपुर धाम, चंदपुरा, तुर्कीयावास, मोहल्ला अटेली बेग शिव मंदिरों को सजाया गया। दिनभर लोगों का पूजा अर्चना करने के लिए तांता लगा रहा।