अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। शहर की अनाज मंडी में पिछले तीन से हो रहे अवैध खरीद को लेकर मार्केट कमेटी के चेयरमैन कंवर डालू सिंह ने सोमवार को मंडी का निरीक्षण किया। अमर उजाला द्वारा पिछले दो दिन से प्रकाशित की गई खबर के बाद मार्केट कमेटी के चेयरमैन हरकत में आए हैं। इस दौरान चेयरमैन डालू सिंह ने किसानों से बातचीत की और व्यापारियों से भी मामले में पूछताछ की।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि गड़बड़ बर्दाश्त नहीं होगी। अगर किसी ने गड़बड़ की तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। तीन दिन बाजरे की जो अवैध रूप से खरीद की गई उसकी भी जांच करवाई जाएगी। इस मामले में कोई अधिकारी दोषी मिला तो उसके खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।
चेयरमैन ने कहा मंडी के नोडल अधिकारी एचसीएस वात्सल्य वशिष्ठ से भी इस संबंध में बातचीत करेंगे। उनको सोमवार को भिवानी सीएम कार्यक्रम में जाना था, लेकिन उक्त समस्या को लेकर उन्होंने मंडी का दौरा करना पड़ा। चेयरमैन ने मंडी में अलग-अलग किसानों और आढ़तियों से बातचीत की। उक्त मामले को लेकर चेयरमैन ने कहा कि नोडल अधिकारी सहित मार्केट कमेटी के अधिकारियों की मंगलवार को मीटिंग की जा सकती है।
बता दें कि शहर की अनाज मंडी में पिछले तीन-चार दिनों से व्यापारियों द्वारा बाजरे का अवैध कारोबार किया जा रहा था। दूसरे प्रदेश के व्यापारी अपनी गाड़ियों में बाजरा ला रहे थे। बाजरे की न तो ढेरी लगाई जा रही थी और न ही बोली लगाई जा रही थी। गाड़ी से एक-एक कट्टा बाजरे का उतारकर सीधे बारदानों में पैक किए जा रहे थे। इसके बाद बारदानों को सीधी गाड़ियों में लदवा कर गोदामों में भेजे जा रहे थे। पिछले तीन चार दिन में कई क्विंटल बाजरे की अवैध रूप से खरीददारी की गई।