अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल।
अंधड़ के बाद बुधवार शाम को गई बिजली वीरवार रात नौ बजे तक भी नहीं आई तो शहर के अधिकांश मोहल्लों के लोगों का गुस्सा फुट पड़ा। गुस्साए लोगों ने वीरवार रात को करीब साढ़े नौ बजे निजामपुर रोड पर जाम लगा दिया। जाम के कारण इस व्यस्त मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। जाम करीब आधा घंटे तक चला। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।
मोहल्ला संघीवाड़ा, ईश्वर कॉलोनी, दया नगर, मिश्रवाड़ा, पीरआगा व देवस्थान में रात को नौ बजे तक बिजली 28 घंटे बाद सुचारू नहीं हो पाई थी जिससे परेशान होकर उक्त मोहल्लों के सैकड़ों लोगों ने वीरवार रात को करीब साढ़े नौ बजे निजामपुर रोड पर जाम लगा दिया। जाम के कारण इस रोड पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। इससे वाहन चालकों और अन्य लोगों को काफी परेशानी हुई। जाम लगाने वाले लोगों का कहना था कि अंधड़ आने के बाद से निगम बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं हो पाई है। ऐसे में उनको भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रात को भी बिजली नहीं आई तो वे सो कैसे पाएंगे। जाम की सूचना मिलने के आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।
36 घंटे में हो गया बुरा हाल
वहीं शहर के अधिकांश मोहल्लों नौ चौक की हवेली, मिश्रवाड़ा, दयानगर, ईश्वर कॉलोनी, संघीवाड़ा में बुधवार शाम को गई बिजली शुक्रवार को ही बहाल हो पाई। 36 घंटे तक बिजली न आने के कारण लोगों को काफी समस्या का सामना करना पड़ा।
मंढाणा में लगाया बिजली पानी के लिए जाम
गांव मंढाणा के लोगों ने शुक्रवार को बिजली व पानी की समस्या से परेशान होकर गांव के पास की मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया। इससे बहरोड और नारनौल की तरफ से आने-जाने वाले वाहनों की लंबी कतारें लग गई। लगभग एक घंटा लगे जाम के दौरान कोई भी अधिकारी और पुलिस कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचे। काफी देर बाद मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मचारियों ने ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीण बिजली के अधिकारियों के आश्वासन के बाद ही जाम खोलने को तैयार हुए। पुलिस कर्मचारियों ने फोन पर बिजली विभाग के एसडीओ से बात करवाई गई। एसडीओ ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि शाम तक उनके गांव में बिजली की आपूर्ति शुरू हो जाएगी। इसी आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम खोला। इस संदर्भ में ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार की आंधी और बरसात के दौरान उनके गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। इसके बाद से ही गांव में बिजली नहीं आई है। इस कारण गांव में गत दो दिनों से पानी की भी आपूर्ति नहीं हो सकी है। बिजली व पानी से परेशान ग्रामीणों ने बिजली विभाग से संपर्क किया था, लेकिन किसी भी अधिकारी ने उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया। काफी दौड़ धूप के बाद भी उनकी समस्या दूर नहीं हुई तभी उन्होंने यह कदम उठाया था। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि आज शाम तक उनके गांव में बिजली की आपूर्ति नहीं हुई तो वे दोबारा सड़कों पर आ जाएंगे।
इसी तरह निजामपुर और यहां के आसपास के गांवों में भी बिजली की आपूर्ति ठप है। इस कारण यहां के अनेक गांवों में पानी की आपूर्ति भी नहीं होने से लोग विशेषकर महिलाएं परेशान हैं। इस संदर्भ में यहां के गांव मूसनोता की महिलाएं गांव से तीन किलोमीटर दूर से पानी लाने पर मजबूर हो रही हैं। ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार की शाम के बाद उनके गांव में बिजली की आपूर्ति ठप है जो कि आज तक ठीक नहीं हो सकी है।