15 माह में 15 दिन भी लगातार नहीं जलीं ट्रैफिक लाइट
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। जिले में इन दिनों ट्रैफिक लाइट व्यवस्था बेपटरी हो गई है। इस कारण वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। मई-2016 के बाद लगीं ये सोलर ट्रैफिक लाइट 15 माह में मुश्किल से 15 दिन भी लगातार नहीं जली हैं। नप इन्हें ठीक कराती है, लेकिन ये एक दिन भी सही से नहीं जलती और फिर खराब हो जाती हैं। मंगलवार को नारनौल के महावीर चौक पर लगी सोलर ट्रैफिक लाइटों को दो माह बाद ठीक किया गया था। लेकिन, बुधवार को ये फिर से खराब हो गई। ऐसे में लाखों की लागत से लगीं ये लाइटें शो-पीस बनकर रह गई हैं।
जिले में यातायात व्यवस्था सुचारु करने के लिए कई जगह ट्रैफिक लाइटें लगाई गई हैं। लेकिन, ये ट्रैफिक लाइटें शो-पीस बनकर ही रह गई हैं। कई दिनों से इन लाइटों की ओर नगर परिषद भी ध्यान नहीं दे रही। इस कारण यातायात व्यवस्था चरमरा गई हुई है। बिना ट्रैफिक लाइटों के यातायात पुलिस भी ट्रैफिक को कंट्रोल करने में असमर्थ महसूस कर रही है। इससे हादसे होने की संभावना भी बढ़ गई है। इस कारण लोगों को परेशानी हो रही है।
यहां लगी हैं जिले में ट्रैफिक लाइटें
जिले में मुख्य रूप से महावीर चौक नारनौल, रेजांगला चौक नारनौल, राव तुलाराम चौक महेंद्रगढ़ और माजरा चुंगी महेंद्रगढ़ पर लगी हुई हैं।
नौ लाख रुपये किए गए थे खर्च
नारनौल के मुख्य चौराहे महावीर चौक पर लगी ट्रैफिक लाइट 15 माह के समय में 15 दिन भी नहीं चल पाई हैं। मई 2016 में यहां पर पुरानी बिजली से चलने वाली ट्रैफिक लाइटों को हटाकर सौर ऊर्जा से चलने वाली ट्रैफिक लाइटें लगा दी गई थी। इसके लिए नप ने हिसार की एक कंपनी से एक साल तक का इन ट्रैफिक लाइटों के रख-रखाव का करार किया था। इस ट्रैफिक लाइट को लगाने में 9 लाख रुपये का खर्चा आया था। इन लाइटों के लगने से ऐसा लगा था कि शायद अब रोज-रोज के ट्रैफिक लाइट खराब होने के झंझट से छुटकारा मिल जाएगा। मगर, हुआ इसके विपरीत। लगने के करीब एक माह बाद ही ये लाइटें खराब हो गईं। इसके बाद से ये कई बार खराब हुईं और कई बार इन्हें ठीक कराया गया। हाल ही में मंगलवार को इनको दो माह बाद ठीक कराया गया था, जो बुधवार को फिर से खराब हो गईं। ऐसा ही दो माह पहले हुआ था।
कुछ ही दिन चली रेजांगला चौक की लाइटें
नारनौल शहर में ही सबसे व्यस्ततम चौक रेजांगला चौक पर भी नगर परिषद ने करीब चार साल पूर्व 2012 में ट्रैफिक लाइटें लगाई थीं। ये ट्रैफिक लाइटें कुछ ही दिन चलीं। ये लाइटें एक बार खराब हुई तो नप ने इन्हें सुधारने की जरूरत ही नहीं समझी।
महेंद्रगढ़ में दो जगह लगी हैं लाइटें, कई दिनों से हैं खराब
महेंद्रगढ़ में दो जगहों राव तुलाराम चौक और माजरा चुंगी के पास ट्रैफिक लाइटें लगी हुई हैं। यहां भी लाइटें कई दिनों से खराब हैं। राव तुलाराम चौक महेंद्रगढ़ शहर का मुख्य चौक है। यहां से दिन-रात वाहन गुजरते हैं। यहां पर भी कई दिनों से ट्रैफिक लाइटें खराब हैं। इसकी वजह से लोगों को परेशानी हो रही है।
कई अन्य जगह भी लग सकती हैं ट्रैफिक लाइट
नारनौल शहर में निजामपुर टी प्वाइंट, महर्षि दयानंद चौक बाईपास, सिंघाना रोड बाईपास, डीसी आवास के पास सेक्टर एक मोड़ और लघु सचिवालय मोड़, महेंद्रगढ़ में सतनाली चौक, कैंची और ब्रह्मदेव चौक पर ट्रैफिक लाइटें लग सकती हैं।
मैं कई बार महावीर चौक की ओर से जाता हूं। लाइट खराब होने की वजह से वहां से निकलने में डर लगता है। वहां ट्रैफिक पर कंट्रोल नहीं।
-चेतराम ठेकेदार
रेजांगला चौक पर लगी लाइटें खराब होने से यहां ट्रैफिक व्यवस्था सही नहीं है। इससे उस ओर आने-जाने में बड़ी परेशानी होती है।
-किशोरीलाल
नई ट्रैफिक लाइट लगी तो ऐसा लगा कि अब ट्रैफिक व्यवस्था सुधर जाएगी। मगर, व्यवस्था ज्यादा खराब हो गई है। घोटाले की आशंका है।
-संदीप नूनीवाल
शहर में तीन-चार जगह ट्रैफिक लाइट होनी चाहिए, मगर यहां तो जो लगी हैं, वह भी खराब पड़ी है। ऐसे में ट्रैफिक व्यवस्था राम भरोसे है।
-हेमंत चौबे
ट्रैफिक लाइटों को जल्द ठीक किया जाएगा। महावीर चौक पर लगी सोलर लाइटों में कुछ टेक्निकल फॉल्ट है। मंगलवार को इनको अस्थाई रूप से ठीक किया गया था। अब इनको स्थायी रूप से ठीक कराने के लिए लिए एस्टीमेट बनाया जा रहा है।
-अनिल कुमार, एओ एवं लाइट इंस्पेक्टर, नगर परिषद, नारनौल