रिक्त सीटों पर किया गया प्रवेश
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय और महिला महाविद्यालय नारनौल में वीरवार को यूजी के साथ ही पीजी कोर्सेज की बची हुई सीटों पर विद्यार्थियों को फिजिकल काउंसिलिंग के माध्यम से लेट फीस के साथ दाखिले दिए गए। इस प्रक्रिया के बाद भी राजकीय पीजी कॉलेज नारनौल में बीए और बीकॉम की बहुत सी सीटें रिक्त हैं।
उच्चतर शिक्षा विभाग के आदेशानुसार सभी कालेजों में विभिन्न कोर्सेज की बची हुई सीटों पर फिजिकल काउंसिलिंग के माध्यम से विद्यार्थियों को लेट फीस के साथ दाखिला देने के लिए 31 अगस्त अंतिम तारीख निर्धारित की गई थी। विभागीय आदेशानुसार वीरवार को नारनौल के पीजी और महिला कॉलेज में बची हुई सीटों पर विद्यार्थियों को उपस्थिति के आधार पर दाखिला दिया गया है। दोनों कॉलेजों में पीजी कोर्सेज के केवल एक-एक रिक्त सीट पर दाखिला दिया गया। इसके चलते महिला महाविद्यालय में सभी कोर्सेज की सभी सीटें भर गई। वहीं राजकीय पीजी कॉलेज नारनौल में दाखिला प्रक्रिया होने के बावजूद यूजी में बीए और बीकाम की बहुत सी सीटें रिक्त रह गई हैं।
विद्यार्थियों को रिक्त सीटों पर दिया दाखिला
यूजी और पीजी कोर्सेज की रिक्त सीटों पर दाखिले के लिए उच्चतर शिक्षा विभाग ने 31 अगस्त तारीख निर्धारित की गई थी। इसके चलते वीरवार को पीजी कॉलेज में रसायन शास्त्र की एक, नॉन मेडिकल में एक और मेडिकल में दो खाली सीटों पर दाखिला दिया गया। बीए और बीकॉम में 30 के लगभग सीटें रिक्त रह गई है। इसी प्रकार महिला कॉलेज में पीजी कोर्स में एमएससी मैथ की एक, बीए की तीन, नॉन मेडिकल की छह और बीकॉम की दो बची हुई सीटों पर विद्यार्थियों को फिजिकल काउंसिलिंग के माध्यम से दाखिला दिया गया।
बची हुई सीटों पर अब नहीं दिए जाएंगे दाखिले
पीजी कालेज के कार्यवाहक प्राचार्य एनएन यादव ने बताया कि विभागीय निर्देशानुसार कालेज में बची हुई सीटों पर दाखिले की अंतिम तारीख 31 अगस्त निर्धारित की गई थी। आज दाखिले के लिए पहुंचे विद्यार्थियों को उनकी उपस्थिति के आधार पर लेट फीस के साथ दाखिला दिया गया है। इस प्रक्रिया के बाद भी कालेज में बीए व बीकाम की काफी सीटें रिक्त रह गई है। परंतु विभागीय आदेशानुसार अब आगे विद्यार्थियों को दाखिला नहीं दिया जाएगा।