अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। क्षेत्र के गांव निम्बेहड़ा में कन्या केे जन्म पर कुआं पूजन करने वाले छोटेलाल के परिवार को सम्मानित किया गया। राज्य में कन्या जन्म पर कुआं पूजन की प्रथा आरंभ करने वाली जिला बाल कल्याण समिति की चेयरपर्सन मंजू कौशिक ने परिवार को सम्मान पत्र सौंपा। इस दौरान उन्होंने कहा कि लड़का-लड़की में भेदभाव करना समाज के माथे पर कलंक के समान है।
गांव निम्बेहड़ा में 12 जून को मंजू पत्नी प्रदीप ने कन्या को जन्म दिया पूरे परिवार खुश हो उठा। नवजात कन्या के पड़दादा छोटेलाल, दादा रामेश्वर, रामनिवास, रामप्रताप, पड़दादी कमला, भरतो देवी और दादी रेशम देवी सभी कन्या के जन्म पर खुश हुए। मंगलवार देर शाम नवजात कन्या की मां का धूमधाम से कुआं पूजन हुआ। इतना ही नहीं लड़के के जन्म की तरह गांव वालों के लिए भोज का आयोजन किया गया। ननिहाल पक्ष से भी लड़के के जन्म की तरह छुछक दिया गया। नवजात कन्या के दादा रामनिवास और नाना ओम प्रकाश ने सभी को संदेश दिया कि लड़कियां अब किसी भी क्षेत्र में लड़कों से कम नहीं है। इस मौकेे पर महिला विकास समिति की अध्यक्ष कल्पना तिवाड़ी, अजय अग्रवाल, सुंदरलाल जोशी, बिजेंद्र, जयप्रकाश, मेघराज नंबरदार ने परिवार को इस पूनित कार्य के लिए सराहना की।