अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) 12वीं के मुख्य विषयों की परीक्षा शनिवार से शुरू हो गई हैं। शनिवार को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों ने अंग्रेजी की परीक्षा दी। यह परीक्षा सुबह 10:30 बजे से शुरू होकर दोपहर 1:30 बजे तक चली। शनिवार को सभी परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्वक संपन्न हुई। नकल का कोई केस नहीं बना।
सीबीएसई की परीक्षा 15 फरवरी से शुरू हो चुकी हैं। इस बार सीबीएसई ने पहले वोकेशनल विषयों की परीक्षा करवाई थी। शनिवार से मुख्य विषयों की परीक्षा शुरू हुई हैं। शनिवार को जिले के करीब 15 हजार परीक्षार्थियों ने अंग्रेजी विषय की परीक्षा दी। परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थी निर्धारित समय पर पहुंच गए थे। परीक्षा देने के लिए विद्यार्थियों में काफी जोश दिखा। शनिवार को श्रीकृष्णा, आरपीएस, डीएवी, हैप्पी स्कूल में परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। नारनौल में सरस्वती, डीएसवी, केवी खलाड़स सहित अन्य केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई। किसी भी परीक्षा केंद्र पर बाहरी हस्तक्षेप नहीं हुआ। परीक्षा केंद्रों को उड़नदस्तों ने चेक भी किया, लेकिन किसी प्रकार का कोई केस नहीं बना।
पेपर था आसान
विद्यार्थियों ने बताया कि पेपर आसान था। किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं थी। अंग्रेजी प्रवक्ता भूप सिंह ने बताया कि पेपर विद्यार्थियों के स्तर का ही था। पाठ्यक्रम से बाहर से कोई प्रश्न नहीं था।
पांच को होगा फिजिक्स का पेपर
पांच मार्च से ऐच्छिक विषय की परीक्षाएं शुरू हो जाएंगी। पांच मार्च को विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों फिजिक्स का पेपर होगा। कॉमर्स के विद्यार्थियों की अगली परीक्षा छह मार्च को अकाउंटेंसी की होगी। कला संकाय के विद्यार्थियों का सात मार्च को ज्योग्राफी का पेपर होगा। 12वीं की परीक्षाएं तीन अप्रैल तक जारी रहेंगी।