अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। नगर पालिका के उपप्रधान रमेश बोहरा ने प्रधान पद का कार्यभार संभाल लिया। शुुक्रवार को पालिका सचिव नवल किशोर शर्मा ने कार्यवाही रजिस्टर पर हस्ताक्षर के बाद औपचारिकताओं को पूरा कराया। उपप्रधान रमेश बोहरा ने चेयरपर्सन की कुर्सी पर बैठकर अधिकारियों के साथ मीटिंग की। चेयरपर्सन की नेम प्लेट को हटाकर उपप्रधान के नाम की प्लेट कमरे के बाहर लगा दी गई।
नगर पालिका की चेयरपर्सन रीना गर्ग और उनके पार्षद पति सुरेंद्र बंटी को निलंबित किए जाने के बाद उपप्रधान रमेश बोहरा को कार्यभार सौंपा गया है। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे रमेश बोहरा अपने सहयोगी पार्षदों के साथ नगर पालिका पहुंचे। यहां पालिका सचिव ने उनसे कार्यवाही रजिस्टर पर हस्ताक्षर कराए। शुक्रवार से ही चेयरपर्सन की सभी शक्तियां अब उपप्रधान रमेश बोहरा के पास आ गई हैं। चेयरपर्सन के कक्ष में पार्षदों व अधिकारियों के साथ अनौपचारिक मीटिंग की। चेयरपर्सन के कक्ष के बाहर लगाई नेम प्लेट को हटाकर अब वहां उपप्रधान रमेश बोहरा के नाम की प्लेट लगा दी गई है। उपप्रधान रमेश बोहरा ने कहा कि 48 से 72 घंटे का नोटिस देकर विशेष 5-6 मार्च को बैठक बुलाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि हम दो साल लेट हो चुके हैं। अब किसी सूरत में देरी नहीं होने दी जाएगी। अधिकारियों के सहयोग से अगले सप्ताह से ही विकास कार्य शुरू कराएंगे। पालिका सचिव के खाली पद को भरवाने के लिए शिक्षामंत्री से मुलाकात करेंगे। पहले चरण में शहर की सड़कों को दुरुस्त कराएंगे। शहर में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। स्ट्रीट लाइट की समस्या का निदान भी कराएंगे।
लड्डू बांटकर मनाई खुशी
उपप्रधान रमेश बोहरा के कार्यभार संभालने पर पार्षद डॉ. तरूण, पार्षद पति जेबी सैनी, पार्षद पति छोटेलाल, पार्षद सोनू, पार्षद नरेंद्र खन्ना, पार्षद पति विजय महायच, पार्षद अमित मिश्रा, पार्षद कृष्ण शर्मा , जिला पार्षद प्रतिनिधि विक्की खुड़ाना, पार्षद पति सुनील तायल सहित अन्य लोगों ने लड्डू खिलाते हुए बधाई दी। कार्यालय में भी मिठाइयां बांटी गई।
सब इंस्पेक्टर ने मांगी लावारिस शव के संस्कार की मदद
उपप्रधान रमेश बोहरा को शक्तियां मिलते ही जीआरपी के सब इंस्पेक्टर समय सिंह समस्या लेकर पहुंचे। उन्होंने अज्ञात शवों के अंतिम संस्कार के लिए मदद मांगी। उपप्रधान ने मौके से ही नगर पालिका के कर्मचारियों को भेजकर लावारिस शव का अंतिम संस्कार कराया।
टैंपो सेवा आज से होगी बहाल
नगर पालिका के उपप्रधान रमेश बोहरा ने डोर टू डोर कचरा उठाने के लिए टैंपो सेवा को शुरू करवाया। शुक्रवार दोपहर बाद टैंपो में डीजल डलवाया गया। शनिवार की सुबह से टैंपो घर-घर से कचरा उठान शुरू करेंगे। पिछले करीब चार महीने से टैंपो सेवा बंद थी।