अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल।
एक तरफ जहां स्वच्छ भारत मिशन के तहत घर-घर व गली गली में शौचालय बनाए जा रहे हैं। शौचालय में शौच के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। वहीं, शहर में बने दक्षिणी हरियाणा बिजली वितरण निगम के कार्यालयों में शौचालय ही नहीं हैं। इसके कारण कार्यालय में आने वाले लोगों व स्टाफ सदस्यों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शहर में दक्षिणी हरियाणा बिजली वितरण निगम के दो कार्यालय महेंद्रगढ़ रोड और सिंघाना रोड पर बनाये गये हैं। इसमें महेंद्रगढ़ रोड पर बने बिजली विभाग के कार्यालय में शहरी उपभोक्ताओं के बिजली बिल भरे जाते हैं। वहीं, शहरी उपभोक्ताओं के सभी काम इसी ऑफिस में होते हैं। यहां रोजाना सैकड़ों लोग काम कराने के लिए आते हैं। लेकिन कार्यालय में एक भी शौचालय नहीं है। इसके कारण यहां आने वाले लोग परेशान रहते हैं। वहीं, कार्यालय में आठ महिला कर्मचारी भी कार्यरत हैं, जोकि शौच आदि जाने के लिए परेशान रहती हैं।
इसके अलावा सिंघाना रोड स्थित कार्यालय में दो ऑफिस बने हुए हैं। इनमें एक एक्शईएन कार्यालय व दूसरा निगम का ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए कार्यालय बना है। जिसमें केवल अधीक्षक अभियंता कार्यालय में एक शौचालय बना हुआ। यहां भी शौचालय न होने के कारण महिला कर्मचारियों और उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। दूसरी तरफ बने कार्यालय में दो शौचालय बने हुए है, परंतु सफाई नहीं होने से उनकी स्थिति बहुत खराब है। वहीं, उक्त दोनों शौचालय अक्सर बंद रहते हैं।
नांगल चौधरी और अटेली में भी यही हाल
अटेली और नांगल चौधरी स्थित बिजली कार्यालयों में एक भी शौचालय नहीं है। ऐसे में कार्यालय में काम करने वाले कर्मचारियों और उपभोक्ताओं को शौच के लिए बाहर खुले में जाना पड़ता है। इससे जाहिर होता है कि सरकार का स्वच्छता अभियान केवल कागजों तक ही समिति है। जिले में बने विभागों के कार्यालयों में न तो सरकार न ही प्रशासन इनकी तरफ ध्यान दे रहा है। ज्यादातर शौचालय पानी व सफाई के अभाव में कंडम पड़े हैं।
बोले उपभोक्ता
बिजली निगम के कार्यालयों में शौचालय नहीं है। शौचालय न होने से बुजुर्गों को काफी दिक्कत होती है।
- महेंद्र सिंह बड़ेसरा।
ऐसे में यहां जाने वाले लोगों को परेशानी होती है। सरकार को इस ओर ध्यान देना चाहिए तथा शौचालयों का निर्माण कराना चाहिए।
- कंवर सिंह भांखर।
सरकार शौचालय निर्माण व स्वच्छता के नाम पर करोड़ों रुपये पानी की तरह बहा रही है। वहीं सरकारी कार्यालयों में इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही।
- दयाराम एडवोकेट।
वर्जन
निगम के कार्यालयों में शौचालय का निर्माण जल्द किया जाएगा। इसके लिए टेंडर भी निकाले गए हैं। जल्द ही लोगों व आफिस में कार्यरत कर्मियों के लिए शौचालय बन जाएंगे।
- मनोज कुमार, एक्सईएन, दहबिविनिलि, नारनौल।