अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। उच्चतर शिक्षा विभाग ने प्रदेश में इस सत्र से शुरू होने वाले कालेजों में दाखिलों के लिए ऑनलाइन आवेदन की तिथि को बढ़ाकर 29 जून कर विद्यार्थियों को राहत दी है।
विभाग की ओर से जारी किए निर्देशों के अनुसार प्रदेश के 19 जिलों में इस सत्र से शुरू किए गए कॉलेजों में यूजी कोर्स के लिए आवेदन प्रक्रिया की तिथि को बढ़ाकर 29 जून तक किया गया। इससे पूर्व उच्चतर शिक्षा विभाग ने प्रदेश के कॉलेजों में यूजी कोर्स में दाखिले के लिए छह जून से पोर्टल खोलकर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की शुरूआत की थी।
वहीं, आवेदन की अंतिम तिथि 22 जून मध्य रात्रि निर्धारित की थी। परंतु उच्चतर शिक्षा विभाग ने अपने नए आदेशानुसार नए सत्र से शुरू होने वाले कॉलेजों में ऑनलाइन दाखिले की अंतिम तिथि को 22 जून से बढ़ाकर 29 जून तक कर दिया है। दाखिले की तिथि बढ़ाकर विभाग ने विद्यार्थियों को बड़ी राहत दी है।
उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा जारी की गई प्रदेश के 19 जिलों की सूची में जिला महेंद्रगढ़ के छिलरो, उन्हाणी व सीहमा में खोले गए कॉलेज शामिल हैं। इनके अलावा सोनीपत, मानेसर, बल्लभगढ़, कुरुक्षेत्र, चरखी दादरी जिले के चामू कला व हरिया मंडी, हिसार के दाता, खेड़ी चोपता, उकलाना व उगलान, गुरुग्राम का रिथोज, करनाल के तारोरी, मंदकोला, जूदला व पढ़ा, भिवानी के लोहारू का गर्ल्स कॉलेज व केरू, फरीदाबाद के नाचोली व मोहना, सिरसा के रानियां व कलावली, अंबाला के शहजादपुर, पलवल के बंदोली, कैथल के गुहला चीका, यमुनानगर के बिसालपुर व रादौर, झज्जर के कुलाना, पंचकुला के रायपुर रानी, रेवाडी के जाटूसाना व गर्ल्स कॉलेज बावल तथा महेंद्रगढ़ के छिलरो, उन्हाणी व सीहमा कॉलेज शामिल है।