महेंद्रगढ़। मार्केटिंग बोर्ड की ओर से आठ किलोमीटर लंबी तीन ग्रामीण सड़कों की स्पेशल मरम्मत के लिए 1.10 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। बोर्ड की ओर से मार्च तक मरम्मत के लिए समय सीमा निर्धारित की गई है।
इन सड़कों की लंबे समय से मरम्मत के लिए मांग उठाई जा रही थी। हालात सुधरने के बाद दस गांवों की करीब दो लाख की आबादी को सुगम राहें मिल सकेंगी। साथ ही ग्रामीणों को आवागमन में बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
इन सड़कों की होगी स्पेशल रिपेयरिंग
गांव मालड़ा से अगिहार तक 3.1 किलोमीटर लंबे सड़क मार्ग पर 33 लाख, गांव झूक से लावन 2.5 किलोमीटर लंबे सड़क मार्ग पर 36 लाख व गांव जाट से बवाना 2.5 किलोमीटर सड़क की मरम्मत के लिए 41 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इन सड़कों का निर्माण दस वर्ष पूर्व किया गया था। वर्तमान में इन सड़कों पर गड्ढों की भरमार है। विशेषकर किसानों को खेतों से अवागमन में बड़ी परेशानी उठानी पड़ रही है। कई स्थानों पर तो हालात ऐसे हैं कि सड़क के नाम पर महज रोड़े ही दिखाई दे रहे हैं। हालांकि इन सड़कों की चौड़ृाई व लंबाई में कोई परिवर्तन नहीं किया जाएगा।
इन गांवों को मिलेगा लाभ
इन तीनों सड़कों की मरम्मत होने के बाद गांव अगिहार, मालड़ा, बवाना, जाट, भुरजट, बसई, लावन, पाली, धोली, पाथेड़ा, माजरा खुर्द, भगड़ाना सहित अन्य गांवों की आबादी को आवागमन में सुविधा होगी। साथ ही किसानों को भी मंडियों व खेतों तक आवागमन के लिए सुगम राहें नसीब हो पाएंगी।
- वर्जन:
मार्केटिंग बोर्ड की ओर से इन सड़कों की स्पेशल रिपेयरिंग के लिए 1.10 करोड़ रुपये के बजट की स्वीकृति मिल चुकी है। फरवरी में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। मार्च में तीनों सड़कों की मरम्मत का काम पूरा कर लिया जाएगा।-दाताराम, कनिष्ठ अभियंता, मार्केटिंग बोर्ड महेंद्रगढ़
फोटो संख्या:61गांव झूक से लावन जाने वाली सड़क हुई जर्जर। संवाद- फोटो : 1