फोटो- 06महावीर चौक के पास जमीन में दबाई जा रही 11 केवी लाइन। संवाद
नारनौल। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के मुख्यालय से हाल ही में पूरे प्रदेश के जिलों को आदेश दिए गए हैं। इसके तहत अपने-अपने जिले में एक स्पॉट को चिन्हित करना है, जहां सबसे ज्यादा भीड़ व ट्रैफिक का दबाव रहता है। ऐसे में उस स्थान से चारों दिशाओं में जाने वाले रास्तों पर करीब एक किलाेमीटर तक के दायरे में ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली की लाइन को भूमिगत किया जा सके। इसके लिए दिल्ली जोन के चीफ इंजीनियर की ओर से ऑनलाइन टेंडर छोड़ दिया है।
महावीर चौक को किया शामिल
मुख्यालय से आदेश मिलने के बाद जिले के अधिकारियों ने सर्वे करा कर शहर के महावीर चौक को सबसे व्यस्ततम स्पॉट माना है। अब टेंडर होने के बाद नारनौल की एसकेजी कंस्ट्रक्शन कंपनी की ओर से 11 केवी की लाइन को भूमिगत करने का कार्य किया जा रहा है। इस काम में अभी 2 से 3 माह का समय लग सकता है। साथ ही ये कंपनी एलटी लाइनों को भी केबल ओवर हैड करने का काम भी करेगी। इस पूरे कार्य के लिए करीब 8 करोड़ की लागत आएगी।
सुरक्षा व सुंदरीकरण को मिलेगा बढ़ावा
अधिकारी की माने तो ऐसा करने के पीछे एक तो चौक के ऊपर से गुजरने वाले तारों का जाल हटेगा व शहर के सुंदरीकरण को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही लाइन लॉस की समस्या से भी निजात मिलेगी। सबसे अहम हादसों का डर भी न के बराबर होगा। इसके अलावा एलटी लाइन पर केबल ओवर हैड हो जाने से भी हादसों का खतरा काफी हद तक कम हो जाएगा।
उच्चाधिकारी के आदेश पर 11 केवी की लाइन को भूमिगत करवाने का कार्य किया जा रहा है। सुरक्षा की दृष्टि व सुंदरीकरण के मद्देनजर आगामी 2 से 3 माह में काम को पूरा कर लिया जाएगा।
रंजन राव, अधीक्षण अभियंता, बिजली विभाग नारनौल।