नांगल चौधरी रोड पर जल महल मोड़ के निकट पेट्रोल पंप के पास सोमवार की रात 11:15 बजे बारात से लौट रही स्कार्पियो एक कार से टकरा गई। इस हादसे में स्कार्पियो में सवार आठ लोग और कार में सवार तीन लोग घायल हो गए। कार सवारों की हालत नाजुक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रोहतक रेफर कर दिया गया। जबकि स्कार्पियो सवार सभी लोगों को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में चार किशोरी और एक बच्चा भी शामिल है।
गांव भुंगारका से एक बारात झुंझुंनू जिला के गांव कलाखरी गई थी। बारात में शामिल कुछ लोग रात को करीब सवा 11 बजे स्कार्पियो गाड़ी में सवार होकर लौट रहे थे। वे नारनौल पार करते हुए अभी नांगल चौधरी मोड़ के पास स्थित पेट्रोल पंप के समीप पहुंचे थे कि उनकी टक्कर सामने से आ रही एक कार से हो गई। कार सवार भी किसी शादी समारोह में गए थे वे रास्ता भटककर बहरोड़ जाने केे बजाए नारनौल की तरफ आए गए थे।
इस हादसे में स्कार्पियो में सवार भुंगारका निवासी 22 वर्षीय प्रवीण कुमार, 9 वर्षीय दीपक, 13 वर्षीय प्रिया, 14 वर्षीय प्रियंका, 22 वर्षीय प्रियंका, 37 वर्षीय सुमन, 40 वर्षीय रुपेश तथा 19 वर्षीय मेघा घायल हो गए। वहीं कार में सवार हमीदपुर (बहरोड़) निवासी 22 वर्षीय धीरज, 49 वर्षीय जयपाल और 24 वर्षीय जितेंद्र भी गंभीर रूप से घायल हो गए। ये सभी दताल गांव से अपने गांव वापस जा रहे थे। हादसे के बाद वहां से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों ने इसकी सूचना पुलिस व एंबुलेंस को दी। एंबुलेंस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को नागरिक अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचाया।